
Axar Patel to Rishabh Pant, Delhi Capitals: विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स (DC) में वापसी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 सीजन से पहले एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है। यह ट्रेड मंगलवार को पूरा हुआ, जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान पंत की अपनी पुरानी टीम में वापसी हुई।
इस मौके पर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने पंत को लेकर एक बड़ा और साफ संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ऋषभ को टीम में पूरी आजादी मिलेगी और उन पर किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं डाला जाएगा। एक्सपर्ट्स द्वारा माना जा रहा है कि ये संदेश एक कप्तान के तौर पर ही दिया गया है, जिससे केएल राहुल के कप्तान बनने की चर्चाओं पर विराम लग गया है।
अक्षर पटेल ने बताया कि उनका और पंत का रिश्ता हमेशा से अलग तरह का रहा है। जब ऋषभ पंत पहले दिल्ली कैपिटल्स में थे, तब वह खुद टीम के कप्तान थे और अक्षर पटेल खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे थे। दोनों के बीच हमेशा आपसी समझ बनी रही है। अक्षर ने यह भी कहा कि दोनों एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को अच्छे से समझते हैं और हर स्थिति में क्या करना है, यह भी दोनों जानते हैं। इसलिए टीम में किसी तरह की सख्त कप्तानी या दबाव की स्थिति नहीं होगी।
अक्षर पटेल बताया कि यह खुशखबरी देने के लिए खुद पंत ने फोन किया था लेकिन वो उसे उठा नहीं पाए.। अक्षर उस समय अपने बच्चे के साथ समय बिताने में व्यस्त थे और उनकी कॉल मिस हो गई। बाद में जब दोनों की बात हुई तो अक्षर ने मजाकिया अंदाज में एक मशहूर कहावत के साथ पंत का स्वागत किया। अक्षर ने कहा, “अगर सुबह का भूला शाम को घर लौट कर आए तो उसे भूला नहीं कहते।”
पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2016 से 2024 के बीच 111 मैच खेले हैं और वह टीम के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। वह 2021 से 2024 तक टीम के कप्तान भी रहे हैं। कप्तान पटेल ने कहा कि दिल्ली की टीम पंत के लिए एक घर जैसी है और यहां उनसे किसी भी तरह की कोई उम्मीद नहीं रखी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि खिलाड़ी को सिर्फ अपना स्वाभाविक खेल खेलना चाहिए और उसका आनंद लेना चाहिए।
ऋषभ पंत का पिछला समय लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ अच्छा नहीं रहा, जहां टीम के प्रदर्शन और उनके व्यक्तिगत आंकड़े दोनों में गिरावट देखने को मिली। पटेल का मानना है कि फॉर्म आती-जाती रहती है लेकिन क्लास हमेशा बनी रहती है, और पंत उसी कैटेगरी के खिलाड़ी हैं। यह पूरा संदेश अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली से जुड़ी चर्चाओं के बीच सामने आया है, जहां दिल्ली कैपिटल्स का घरेलू माहौल फिर से पंत के लिए तैयार माना जा रहा है।