
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 100 रनों की पारी खेली थी। रोहित के इस बेहतरीन शतक के दम पर भारतीय टीम ने इंग्लैंड को उन्हीं के घर में पहली बार टी-20 सीरीज में मात देने में कामयाबी हासिल की थी। इंग्लैंड के दिए 199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सात विकेट के अंतर से जीत हासिल की थी। भारत की ओऱ से इस मैच में जीत के हीरो रोहित शर्मा थे। रोहित शर्मा ने 56 गेंदों में 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 100 रनों की पारी खेली। यह टी-20 इंटरनेशनल में रोहित शर्मा का तीसरा शतक था। मैच के शानदार जीत दर्ज करने के बाद रोहित ने अपने इस यादगार शतक को दुनिया के आखिरी सफेद गेंडा सूडान को समर्पित किया। बता दें कि सूडान की मौत हाल ही में हुई है। सूडान की मौत के बाद अब पृथ्वी पर कोई भी सफेद गेंडा नहीं बचा है।
ट्विटर पर लिखी ये पोस्ट-
तीसरे मैच में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा ने अपनी आधिाकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट लिखते हुए अपना शतक सूडान को समर्पित किया। रोहित ने लिखा कि तीसरे टी-20 में लगाया गया शतक मेरे दोस्त सूडान को समर्पित है। हमें खुद के लिए इस दुनिया को बेहतर बनाने का रास्ता खोजना ही होगा। बता दें कि इससे पहले रोहित ने सूडान के साथ एक तस्वीर भी शेयर की थी।
सूडान के लिए दिया था दान-
बता दें कि सूडान की मौत इसी साल मार्च में हुई थी। दक्षिण अफ्रीका में सूडान ने अपनी आखिरी सांसे ली थी। रोहित सूडान से केन्या में मिले थे। उस समय रोहित जंगली जानवरों के शिकार को रोकने के लिए चलाए गए एक अभियान में शिरकत कर रहे थे। इसी कार्यक्रम के तहत रोहित सूडान से मिले थे। साथ ही उन्होंने सूडान के साथ की एक तस्वीर भी क्लिक की थी। सूडान की जिंदगी बचाए रखने के लिए रोहित ने दान भी दिया था।