क्रिकेट

Ajinkya Rahane के संन्यास पर रोहित शर्मा हुए भावुक, लिखा- ‘हमने सालों तक एक ही ड्रेसिंग रूम शेयर किया…’

Rohit Sharma on Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उनके संन्यास पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। रहाणे को ऐतिहासिक टेस्ट कप्तानी के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
2 min read
Jul 31, 2026
Ajinkya Rahane retirement, Rohit Sharma message on Ajinkya Rahane,
अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा (Photo - IANS)

Rohit Sharma on Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। करीब दो दशक लंबे अपने शानदार करियर पर विराम लगाते हुए रहाणे ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो शेयर कर संन्यास का ऐलान किया। उनके इस फैसले के बाद पूरे क्रिकेट जगत से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। इसी कड़ी में उनके मुंबई के साथी और भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक बेहद खास और भावुक संदेश लिखा है।

रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए रहाणे की कड़ी मेहनत और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की जमकर तारीफ की। रोहित ने लिखा, 'हमने इतने सालों तक एक ही ड्रेसिंग रूम शेयर किया है, और मैं बहुत अच्छे से जानता हूं कि आपने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके पीछे कितनी कड़ी मेहनत है। आपका कमिटमेंट (समर्पण) और प्रोफेशनलिज्म (पेशेवर रवैया) हमेशा आपको दूसरों से अलग बनाता है। एक शानदार करियर के लिए आपको बहुत-बहुत बधाई। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'

रहाणे का शानदार क्रिकेट करियर

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 38.46 की औसत से 5,077 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 26 अर्धशतक जड़े। वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने 90 मैचों में 35.26 की औसत से 2,962 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो रहाणे ने 20 मैचों में एक अर्धशतक की मदद से 375 रन बनाए।

कप्तानी में रहा अजेय रिकॉर्ड

टेस्ट कप्तान के तौर पर अजिंक्य रहाणे का रिकॉर्ड बेमिसाल रहा है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कोई टेस्ट मैच नहीं हारा (4 जीत और 2 ड्रॉ)। कम से कम 5 मैचों में कप्तानी करने वाले भारतीय टेस्ट कप्तानों में उनका जीत का प्रतिशत सबसे ज्यादा है। बतौर कप्तान उनका सबसे यादगार पल 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border-Gavaskar Trophy) रही। एडिलेड में मिली करारी हार के बाद, रहाणे ने टीम की शानदार वापसी कराई। उनके नेतृत्व में भारत ने मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट जीता और फिर गाबा (Gabba) स्टेडियम में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सीरीज अपने नाम की। इस जीत ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया के लंबे अजेय रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। इसके अलावा 2017 में धर्मशाला स्टेडियम में भी रहाणे की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को एक अहम टेस्ट मैच में हराया था।