क्रिकेट

Rohit Sharma के संन्यास की खबरें निकलीं झूठी! हिटमैन के सपोर्ट में उतरे कोच सितांशु कोटक

Sitanshu Kotak on Rohit Sharma: रोहित शर्मा के वनडे से संन्यास की अफवाहों पर रोक लग गई है। कार्डिफ (Cardiff) में अच्छी परफॉरमेंस न देने के बाद भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने उनका बचाव किया है।
2 min read
Jul 17, 2026
Ravi Shastri on Rohit Sharma Retirement
गौतम गंभीर और रोहित शर्मा (Photo - IANS)

Sitanshu Kotak on Rohit Sharma: इंग्लैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के बल्ले से रन न निकलने के बाद उनके संन्यास की खबरें उड़ने लगी थीं, लेकिन अब ये खबरें पूरी तरह झूठी साबित हुई हैं। भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने रोहित का पूरा बचाव किया है। उन्होंने साफ कहा है कि रोहित जैसे बड़े कद के खिलाड़ी पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है।

कार्डिफ में दिखा रोहित का संघर्ष

गुरुवार को कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा संघर्ष करते नजर आए। पावरप्ले खत्म होने तक उन्होंने 18 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाए थे, जबकि टीम इंडिया का स्कोर 61/1 था। वह स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में 47 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि उन्होंने टीम को अच्छी शुरुआत दी थी। इस मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। इस साल वनडे में रोहित का रिकॉर्ड भी कुछ खास नहीं रहा है, उन्होंने 8 मैचों में 30.12 की औसत से सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। इसके बाद 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर उनके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे।

कोच कोटक ने क्या कहा?

मैच के बाद जब सितांशु कोटक से रोहित की जगह को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि रोहित जैसा बड़ा खिलाड़ी दबाव महसूस कर सकता है। वह बहुत शानदार खिलाड़ी हैं। हां, उन्होंने दो मैचों में रन नहीं बनाए हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।'

कोटक ने यह मानने से इनकार कर दिया कि रोहित संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पिच का हवाला देते हुए कहा, 'शायद पिच पर डबल बाउंस (दोहरा उछाल) था, इसलिए रोहित जो शॉट आम तौर पर हवा में खेलते हैं, उन्हें खेलने में वह असहज महसूस कर रहे थे। शुभमन और विराट को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन रोहित को शायद उनके हिसाब की गेंदें नहीं मिलीं। आप उन्हें लॉर्ड्स में बिल्कुल अलग पारी खेलते हुए देख सकते हैं।'

मैच का हाल

भारतीय पारी की बात करें तो कप्तान शुभमन गिल ने 30 गेंदों में 31 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली (65 रन) और श्रेयस अय्यर (66 रन) की शानदार पारियों के दम पर भारत का स्कोर 178/3 तक पहुंच गया था। लेकिन कोहली के आउट होने के बाद पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 233 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड ने 4 विकेट बाकी रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। अब रविवार को लॉर्ड्स (Lord's) के ऐतिहासिक मैदान पर सीरीज का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।