Vaibhav Suryavanshi at SMS Stadium: आईपीएल के इतिहास में वैभव सूर्यवंशी ने दो शतकीय पारी खेली और दोनों जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आई है। इसमें से एक शतक उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में लगाया है।
Most Runs in IPL 2026: आईपीएल 2026 का 52वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां राजस्थान रॉयल्स के सामने गुजरात टाइटंस की टीम होगी। दोनों टीमों ने 10-10 मैच खेल लिए हैं और 6-6 मुकाबलों में जीत हासिल की है। राजस्थान रॉयल्स जहां चौथे स्थान पर है, वहीं गुजरात टाइटंस माइनस में नेट रनरेट होने की वजह से पांचवें स्थान पर मौजूद है। इस मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी, वह प्लेऑफ के और करीब पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम की राह थोड़ी मुश्किल हो सकती है।
इस मुकाबले में एक बार फिर सबकी नजरें वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जो अब तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 40.40 की औसत से रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी टूर्नामेंट में सबसे अधिक है। अगर सूर्यवंशी इस मुकाबले में 91 रन और बना लेते हैं, तो वह ऑरेंज कैप पर भी कब्जा कर लेंगे।
आपको बता दें कि फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन के पास ऑरेंज कैप है, जिन्होंने 11 मैचों में 54.89 की औसत से 494 रन बनाए हैं। क्लासेन का स्ट्राइक रेट 157 से अधिक का है और उन्होंने 23 छक्के लगाए हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 475 रन बनाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल ने 11 मैचों में 468 रन बनाए हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान किशन 409 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं। वैभव सूर्यवंशी ने 404 रन बनाए हैं और वह पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। ऐसे में सूर्यवंशी के पास आज फिर ऑरेंज कैप पर कब्जा करने का मौका होगा।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सूर्यवंशी का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनके दोनों शतक इसी मैदान पर आए हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 35 गेंदों में शतक ठोककर इतिहास रचा था। वह आज भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम रखते हैं। सूर्यवंशी ने पिछले सीजन 35 गेंदों में यह कारनामा किया था। हालांकि, इस सीजन भी वह एक शतक लगा चुके हैं, जब उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में सैकड़ा पूरा किया था।
ऐसे में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक बार फिर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, दूसरी ओर गुजरात टाइटंस उन्हें रोकने की पूरी कोशिश करेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है।