क्रिकेट

शेफाली वर्मा ने तोड़ दिया मिताली राज का बड़ा रिकॉर्ड, वूमेंस Asian Games के सेमीफाइनल में रचा इतिहास

Women's Asian Games 2026: वूमेंस एशियन गेम्स के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
2 min read
Sep 20, 2026
Shafali Verma statement, India vs Bangladesh Women World Cup, Harmanpreet Kaur team huddle, India Women Cricket Team
भारतीय बल्लेबाज शेफाली वर्मा (Photo - IANS)

Shafali Verma World Record: वूमेंस एशियन गेम्स के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की शेफाली वर्मा ने अर्धशतक जड़ इतिहास रच दिया। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाली वूमेंस टी20 इतिहास की सिर्फ दूसरी क्रिकेटर बन गई हैं। शेफाली वर्मा के अलावा वर्ल्ड टी20 वूमेंस क्रिकेट में यह कारनामा सिर्फ स्मृति मंधाना कर पाई हैं, जिन्होंने 2024 में 8 अर्धशतक की पारी खेली थी। शेफाली वर्मा इस साल भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए 8 अर्धशतक जड़ चुकी हैं।

23 गेंदों में शेफाली ने जड़ा अर्धशतक

बांग्लादेश के खिलाफ वूमेंस एशियन गेम्स के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही है, जहां स्मृति मंधाना 19 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हो गईं, तो वहीं शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ दिया। शेफाली ने सिर्फ 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

शेफाली ने तोड़ा मिताली का रिकॉर्ड

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टीम इंडिया की पूर्व कप्तान मिताली राज तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जिन्होंने 2018 में 7 अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। हांगकांग की नताशा मिल्स ने 2026 में अब तक 7 अर्धशतक लगा दिए हैं। हालांकि हांगकांग की टीम एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।

इस मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की शुरुआत धमाकेदार रही और पावर प्ले में ही टीम इंडिया को दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 72 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। हालांकि, पावरप्ले की आखिरी गेंद पर स्मृति मंधाना 37 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद से गुनालन कामिनी 10 गेंद का सामना करने के बाद सिर्फ तीन रन बना सकीं। 85 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और टीम को 170 रन तक कोई और झटका नहीं लगने दिया। खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 17 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 175 रन बना लिए थे।

क्रिकेट की डिफेंडिंग चैंपियन है टीम इंडिया

टीम इंडिया एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है। 2022 में आयोजित 19वें संस्करण में भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को हराया था, तो महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी श्रीलंका की महिला टीम फाइनल में पहुंच चुकी है और भारतीय टीम के भी फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि मेंस टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा।