Shahid Afridi recalled 2011 World Cup clash: भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद शाहिद अफरीदी को याद आया कि कैसे मोहाली के जोश में भरे दर्शकों ने पाकिस्तान के खिलाफ 2011 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान इंडियन टीम का हौसला बढ़ाया था। उस दौरान पाकिस्तान के बल्लेबाज कांप रहे थे।
Shahid Afridi recalled 2011 World Cup clash: अहमदाबाद में जब टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को एकतरफा फाइनल में 96 रन से हराकर अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता तो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को 2011 के वनडे वर्ल्ड कप की याद आ गई। यह एकमात्र दूसरा मौका था, जब भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फाइनल में श्रीलंका को हराकर घर पर आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। उस टूर्नामेंट का एक अहम मैच मोहाली में खेला गया था, जहां एमएस धोनी की अगुवाई वाली टीम का सामना दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान से हुआ था। सचिन तेंदुलकर के 85 रन की मदद से भारत ने 260 रन बनाए, जिसके बाद बेहद सधी हुई गेंदबाजी ने पाकिस्तान को एक गेंद बाकी रहते 231 रन पर रोक दिया था।
समा टीवी पर बात करते हुए शाहिद अफरीदी ने याद किया कि कैसे मोहाली की भीड़ ने तनावपूर्ण मुकाबले के दौरान भारतीय टीम का हौसला बढ़ाया था। पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम में इस हद तक कि घबराहट फैल गई और कुछ बल्लेबाज बढ़ते प्रेशर का सामना करने के लिए बाहर जाते समय कांप रहे थे।
अफरीदी ने कहा कि मुझे याद है जब हम 2011 में मोहाली में वर्ल्ड कप सेमीफाइनल खेल रहे थे, तो हमने बहुत अच्छी शुरुआत की थी। पाकिस्तान का स्कोर कामरान अकमल के आउट होने से पहले 44 रन था। मैं, कैप्टन के तौर पर ड्रेसिंग रूम में आराम से बैठा था और यकीन कर रहा था कि हम मैच जीत जाएंगे।
पहला विकेट गिरने के बाद, जिस तरह से भीड़ इंडियन टीम के साथ हो गई और जिस तरह से इंडियन टीम लड़ रही थी। हमारे कुछ बैट्समैन बैटिंग करने जाते समय कांप रहे थे। मैं एक लीडर और कैप्टन के तौर पर देख रहा था कि हफीज के आउट होने के बाद (हफीज पाकिस्तान के 70 रन पर 2 विकेट पर आउट हुए) उनके प्लेयर्स हर बॉल के बाद बहुत कॉन्फिडेंस में थे।
मेरा मानना है कि हम बहुत प्रेशर में आ गए थे। उसी साल बाद में धोनी की कप्तानी में भारत ने अपना दूसरा वनडे वर्ल्ड कप टाइटल जीता। इससे पहले धोनी ने 2007 में टीम को पहले T20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाई थी।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के साथ भारत के पास अब सात आईसीसी खिताब हो गए हैं। इनमें तीन T20 वर्ल्ड कप, दो वनडे वर्ल्ड कप और दो चैंपियंस ट्रॉफी टाइटल हैं।