
Shakib Al Hasan Latest News: बांग्लादेश के लिए करीब 450 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन देश वापसी के साथ फिर से क्रिकेट खेलना चाहते हैं। बुधवार को बांग्लादेश में घर पर हुए हमले को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर सरकार उन्हें सुरक्षा की गारंटी देती है, तो स्वदेश वापसी कर कोर्ट ट्रायल देने को भी तैयार हैं, क्योंकि उन पर दर्ज किए गए केस निराधार हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने देश के लिए विदाई सीरीज के साथ अगला वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शाकिब करीब दो साल के निर्वासन के बाद अब बांग्लादेश लौटकर क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार सुरक्षा की गारंटी देती है, तो वह तुरंत स्वदेश लौटने को तैयार हैं और अपने खिलाफ दर्ज केसों में कोर्ट ट्रायल में भी सहयोग करने को तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह अपने देशवासियों के सामने एक विदाई सीरीज खेलना चाहते हैं। इसके अलावा वह 2027 का वनडे वर्ल्ड कप भी बांग्लादेश के लिए खेलना चाहते हैं।
बता दें कि शाकिब अल हसन 39 वर्ष के हो चुके हैं और वह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग से सांसद भी रहे। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के सत्ता से हटते ही वह अमेरिका चले गए। मौजूदा समय में वह श्रीलंका में हैं। जहां वह लंका प्रीमियर लीग में खेल रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने मीडिया से घर वापसी पर बात की है। शाकिब से जब सवाल किया गया कि क्या वह पूर्व पीएम के साथ लौटना चाहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि कप्तान जो कहेंगी, वह वहीं करेंगे। हम उनके हर फैसले का समर्थन करते हैं।
शाकिब अल हसन के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की बात करें तो 2006 में बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह अब तक 71 टेस्ट मैचों में बल्ले से 4609 रन और गेंद से 246 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, 247 वनडे में उन्होंने बल्ले से 7570 रन बनाए और 371 विकेट लिए। जबकि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वह बल्ले से 2551 रन और 63 विकेट ले चुके हैं।