क्रिकेट

माही भाई ने मुझसे कहा था कि… शिवम दुबे ने खोला शॉर्ट बॉल पर लंबे-लंबे छक्के मारने का राज

टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में नीदरलैंड के खिलाफ भारत में मैच जिताऊ पारी खेलने और शॉर्ट बॉल पर लंबे-लंबे छक्‍के मारने का श्रेय शिवम दुबे ने एमएस धोनी को दिया है।
2 min read
Feb 19, 2026
Shivam Dube
भारतीय बल्‍लेबाज शिवम दुबे। (फोटो सोर्स: IANS)

टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में ग्रुप चरण के अपने आखिरी मैच में नीदरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने 17 रनों से जीत दर्ज की है। लेकिन, इस मैच में एक समय ऐसा भी आया था, जब 69 रनों पर भारत तीन विकेट गंवा चुका था। इसके बाद क्रीज पर कप्‍तान सूर्यकुमार यादव का साथ देने शिवम दुबे आए। शुरुआत में उन्‍होंने कुछ सिंगल बटौरे इसके बाद उन्‍होंने छक्‍कों की बारिश करते हुए महज 25 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और भारत को 190+ तक पहुंचाने के लिए 31 गेंदों पर 66 रन की अहम पारी खेली। मिडिल ऑर्डर में इस विस्फोटक बल्‍लेबाजी के लिए उन्‍हें प्लेयर ऑफ़ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

एमएस धोनी को दिया श्रेय

मैच के बाद एक इंटरव्यू में बोलते हुए दुबे ने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान एक समय ऐसा था, जब वह शॉर्ट गेंदों से जूझ रहे थे और उन्हें पता था कि उनमें उन गेंदों को हिट करने की ताकत है। फिर उन्‍होंने ऑफ सीजन के दौरान अपनी इस कमी पर काम किया। साथ नीदरलैंड के खिलाफ कई शॉर्ट गेंदों पर लंबे-लंबे छक्‍के जड़ने का श्रेय एमएस धोनी को दिया।

'माही भाई ने मुझसे कहा था…'

दुबे ने कहा कि जब मैं आईपीएल में आया था तो मैं शॉर्ट बॉल के सामने थोड़ा स्ट्रगल कर रहा था, उस समय मैं इतनी सफाई से शॉर्ट बॉल हिट नहीं कर पा रहा था, लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि अगर मुझे इस लेवल पर हावी होना है और मेरे पास वह पावर है तो मैं एक चीज की वजह से क्यों पीछे रहूं? इसलिए मैंने ऑफ सीजन में उस चीज पर बहुत काम किया। माही भाई ने मुझसे कहा था कि यह जरूरी नहीं है कि तुम्हें उस बॉल पर सिक्स ही मारना है, तुम बाउंड्री मार सकते हो या सिंगल ले सकते हो। इसलिए यह बात हमेशा मेरे दिमाग में रहती थी कि जब मैं स्टार्ट में आता हूं तो क्या करूं।

प्‍लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड लेते समय दुबे का बयान

प्‍लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड लेते समय दुबे ने कहा कि मैं सिक्स मारने की कोशिश करता हूं। मुझे सिक्स मारने में मजा आता है, लेकिन सिचुएशन की मांग है कि बॉलर अच्छा हो। मुझे बाउंड्री मारने के लिए भी खुद को तैयार करना होता है। मैं सभी बॉलर्स को जानता हूं कि वे मुझे भी ब्लॉक करेंगे। वे मुझे यॉर्कर या लेंथ बॉल नहीं डालेंगे। वे शॉर्ट आएंगे। वे मुझे स्लोअर बॉल डालेंगे। इसलिए मैंने खुद को तैयार किया, इसलिए मैं उसका इंतज़ार कर रहा था।

आखिरी 10 ओवर में हार्दिक के साथ जोड़े 119 रन

बता दें कि शिवम दुबे ने 31 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और छह छक्‍कों की मदद से 66 रन बनाकर भारतीय टीम मैच जिताया है, क्‍योंकि टीम इंडिया पहले 10 ओवर में 74/3 के स्कोर पर स्ट्रगल कर रही थी। आखिरी 10 ओवर में दुबे और हार्दिक पंड्या (21 गेंद पर 30) ने मिलकर 119 रन जोड़े। सूर्यकुमार यादव (28 गेंदों पर 34 रन) और तिलक वर्मा (27 गेंदों पर 31 रन) ने भी इस स्कोर में योगदान दिया।

Updated on:
19 Feb 2026 12:46 pm
Published on:
19 Feb 2026 12:46 pm