क्रिकेट

‘श्रेयस अय्यर हैं नए ‘चेज़ मास्टर”, भारत के पूर्व ओपनर ने PBKS कप्तान की विराट कोहली से की तुलना

मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के सामने 196 रनों आका लक्ष्य रखा था, जिसे टीम ने 16.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पंजाब ने इस सीजन लगातार तीसरी बार 190 से ज्यादा का लक्ष्य चेज़ किया है। इन तीनों मुकाबलों में अय्यर ने अर्धशतक जड़ा है।

2 min read
Apr 17, 2026
IPL 2026
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (Photo - IPL)

Shreyas Iyer, Mumbai Indians vs Punjab Kings, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 24वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए पंजाब को 7 विकेट से जीत दिलाई।

मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के सामने 196 रनों आका लक्ष्य रखा था, जिसे टीम ने 16.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पंजाब ने इस सीजन लगातार तीसरी बार 190 से ज्यादा का लक्ष्य चेज़ किया है। इन तीनों मुकाबलों में अय्यर ने अर्धशतक जड़ा है। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली, वहीं श्रेयस ने 35 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्के की मदद से 66 रन बनाए।

'नया चेज मास्टर' वाली तुलना

पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने श्रेयस की तारीफ करते हुए उनकी तुलना विराट कोहली से कर दी। उन्होंने कहा, "श्रेयस नया चेज मास्टर है। हम विराट कोहली की बात करते हैं। अगर किसी और का नाम उनके साथ जोड़ा जा रहा है तो यह अपने आप में बड़ी बात है। पिछले दो सालों में चेज में उनका औसत 65 और स्ट्राइक रेट 180 है।"

चोपड़ा ने आगे कहा, "वो मैच खत्म करके ही जाते हैं। इस बार आउट हुए, लेकिन मैच तब तक खत्म हो चुका था। चेन्नई वाले मैच में भी आउट हुए लेकिन मैच हो चुका था। एक-दो बार आउट हुए हैं वरना औसत 80 होता। श्रेयस दरवाजा खटखटा नहीं रहे, तोड़ रहे हैं।"

दबाव लेना मेरा काम है

साथी खिलाड़ी नेहल वाधेरा ने बुधवार को श्रेयस के बारे में एक दिलचस्प बात बताई थी। वाधेरा ने कहा, "मैंने हाल ही में उनसे बात की थी। उन्होंने कहा कि दबाव लेना उनका काम है। यह बात उनके बारे में बहुत कुछ बयां करती है। उन्हें दबाव में मजा आता है।"

वाधेरा ने यह भी बताया कि श्रेयस खिलाड़ियों को अपना खेल खेलने की आजादी देते हैं। वाधेरा ने कहा, "वो कहते हैं कि नतीजों की चिंता मत करो, मैं हूं यहां दबाव लेने के लिए और टीम को जिताने के लिए।" पंजाब किंग्स इस सीजन जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उसे देखकर साफ लगता है कि श्रेयस सिर्फ रन नहीं बना रहे, पूरी टीम को एक धागे में पिरो रहे हैं।

Published on:
17 Apr 2026 12:58 pm