क्रिकेट

ICC Rankings: अफगानिस्तान के खिलाफ शतक के बाद शुभमन गिल को फायदा, बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंचे

ICC Test Rankings: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बड़ा उलटफेर हुआ है। इंग्लैंड के हैरी ब्रुक ने जो रूट को पछाड़कर नंबर-1 का ताज छीन लिया है। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ 126 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल दो पायदान के फायदे के साथ 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

2 min read
Jun 10, 2026
ICC Test Rankings 2026, Shubman Gill Test Ranking, Harry Brook No 1 Test Batter, Joe Root ICC Ranking
शुभमन गिल (Photo - IANS)

ICC Test Rankings: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताजा टेस्ट रैंकिंग (Test Ranking) में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रुक एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपने ही साथी खिलाड़ी जो रूट को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, भारतीय फैंस के लिए भी बड़ी खुशखबरी है। न्यू चंडीगढ़ (New Chandigarh) स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ कप्तानी पारी खेलते हुए 126 रन बनाने वाले शुभमन गिल दो पायदान की छलांग लगाकर अब 8वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

हैरी ब्रुक बने नंबर-1, जो रूट फिसले

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए कम स्कोर वाले मैच में हैरी ब्रुक ने 56 रनों की शानदार पारी खेली थी। इस पारी की बदौलत वह जो रूट को पछाड़कर नंबर-1 बन गए हैं, जबकि रूट खराब प्रदर्शन (1 और 8 रन) के कारण तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड अब दूसरे नंबर पर हैं।

टेस्ट रैंकिंग के अन्य बड़े बदलाव

बल्लेबाजों में शुभमन गिल के अलावा इंग्लैंड के बेन डकेट 15वें और जेमी स्मिथ संयुक्त रूप से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 15 पायदान ऊपर चढ़कर 40वें नंबर पर आ गए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन 7 पायदान की छलांग लगाकर टॉप-10 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं और ऑलराउंडर्स की सूची में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। चोट के बाद वापसी करने वाले काइल जैमीसन (22वें) और ओली रॉबिन्सन (23वें) की भी रैंकिंग में वापसी हुई है।

वनडे (ODI) रैंकिंग का हाल

वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के लेग स्पिनर अबरार अहमद को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 6 विकेट लेने का बड़ा इनाम मिला है, और वह गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। शाहीन अफरीदी भी 4 पायदान के फायदे के साथ 9वें नंबर पर आ गए हैं। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन की बदौलत 23 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है और वह 24वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वनडे बल्लेबाजों में श्रीलंका के कुसल मेंडिस 12वें स्थान पर आ गए हैं।

Updated on:
10 Jun 2026 04:47 pm
Published on:
10 Jun 2026 04:44 pm