Naman Awards: BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल ने अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी पर ऐसी चुटकी ली कि पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। आखिर गिल ने क्यों कहा कि अर्शदीप का एक ओवर दो ओवर के बराबर होता है? जानें ये पूरा मजेदार वाकये।
Shubman Gill On Arshdeep Yorker: रविवार 15 मार्च 2026 को हुए BCCI नमन अवॉर्ड्स में टीम इंडिया के वनडे कप्तान शुभमन गिल का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। अवॉर्ड शो के दौरान गिल ने अपनी हाजिरजवाबी से न सिर्फ माहौल हल्का किया, बल्कि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की टांग खिंचाई करने का भी कोई मौका नहीं छोड़ा।
शो के होस्ट हर्षा भोगले ने जब गिल से पूछा कि अगर उन्हें वनडे मैच के आखिरी ओवर में किसी एक गेंदबाज और एक बल्लेबाज को चुनना हो, तो वो कौन होंगे? शुभमन गिल ने पहले तो अर्शदीप का नाम लिया, लेकिन फिर मजाक में कहा, 'गेंदबाज तो अर्शदीप ही होंगे, लेकिन बशर्ते वो वाइड यॉर्कर न फेंक रहे हों। वो यॉर्कर अच्छी फेंकते हैं, पर कभी-कभी उनका एक ओवर दो ओवर जितना लंबा हो जाता है (हंसते हुए)। मैं वैसा नहीं चाहता। और बल्लेबाज के तौर पर अगर रोहित भाई वहां हों, तो वो कमाल होगा।' दरअसल, गिल का यह इशारा हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अर्शदीप के इंग्लैंड के खिलाफ फेंकी गई एक्स्ट्रा वाइड गेंदों की तरफ था।
सिर्फ गिल ही नहीं, सूर्यकुमार यादव और हरमनप्रीत कौर से भी यही सवाल पूछा गया। सूर्यकुमार यादव ने जवाब दिया कि वो जसप्रीत बुमराह को अपना गेंदबाज और हार्दिक पांड्या को अपना बल्लेबाज चुना पसंद करेंगे। वहीं हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वो गेंदबाजी के लिए दीप्ति शर्मा को और बल्लेबाजी के लिए स्मृति मंधाना को चुनेंगी।
तीनों कप्तानों से यह भी पूछा गया कि भारत के लिए खेलने का उनके लिए क्या मतलब है। शुभमन गिल ने बड़े भावुक अंदाज में कहा, 'यह एक सपना है। जब भी आप मैदान पर कदम रखते हैं, तो आप ईश्वर और कायनात का शुक्रिया अदा करते हैं कि आप यहां हैं। जब आप शुरुआत करते हैं, तो आपका एक ही लक्ष्य होता है, अपनी टीम और देश को जिताना, और यही सबसे सुखद अहसास है।'
आपको बता दें कि शुभमन गिल को साल 2025 का 'मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना गया है। गिल 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 42 पारियों में कुल 1764 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मिले ब्रेक के बाद, अब शुभमन गिल जल्द ही एक्शन में नजर आएंगे। वह IPL 2026 में गुजरात टाइटंस (GT) की कप्तानी करते दिखेंगे।