क्रिकेट

SLW vs PAKW: पाकिस्तान की आयशा जफर ने खेली तूफानी पारी, सेमीफाइनल में श्रीलंका के सामने 178 रन का लक्ष्य

Pakistan Women vs Sri Lanka Women: एशियन गेम्स महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान महिला टीम ने श्रीलंका के सामने 178 रन का लक्ष्य रखा है। आयशा जफर ने 71 और शावल जुल्फिकार ने 54 रन की शानदार पारी खेली।
2 min read
Sep 20, 2026
Fatima Sana Pakistan Women Cricket Team Captain
फातिमा सना (फोटो- IANS)

Sri Lanka vs Pakistan, Women's Asian Games 2026: एशियन गेम्स वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान क्रिकेट महिला टीम ने श्रीलंका के सामने 178 रन का लक्ष्य रखा है। टीम के लिए आयशा जफर और शावल जुल्फिकार ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। श्रीलंका ने इस दौरान 7 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया लेकिन विकेट सिर्फ 3 खिलाड़ी ही चटका पाईं। काब्या कविंदी ने सबसे किफायती गेंदबाजी की और 2 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

पाकिस्तान को पहली गेंद पर लगा झटका

कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे इस मुकाबले में श्रीलंका की महिला टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और मैच की पहली ही गेंद पर गुल फिरोजा को सुगंधिका कुमारी ने बोल्ड कर दिया। हालांकि, उसके बाद शावल जुल्फिकार और सैरा जुबिन ने मोर्चा संभाला और 5 ओवर तक कोई दूसरा झटका नहीं लगने दिया। छठे ओवर में सैरा जुबिन 17 रन बनाकर आउट हो गईं।

इसके बाद शावल जुल्फिकार और आयशा जफर ने टीम को डेढ़ सौ रन तक कोई और झटका नहीं लगने दिया। आयशा ने सिर्फ 40 गेंद में 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 71 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, तो वहीं शावल जुल्फिकार ने भी अर्धशतक जमाया और 54 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद कप्तान फातिमा सना 20 और इमान फातिमा 5 रन बनाकर नाबाद रहीं, जिससे पाकिस्तान की टीम 177 रन तक पहुंचने में सफल रही। श्रीलंका के लिए सुगंधिका कुमारी, चमारी अट्टापट्टू और काव्या कविंदी ने एक-एक विकेट चटकाए।

दोनों टीमों का एशियन गेम्स में सफर

पाकिस्तान की टीम ने क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड को मात दी थी तो श्रीलंका क्रिकेट टीम ने मलेशिया को हराया था। दोनों टीमें एशियन गेम्स 2022 के सेमीफाइनल में भी आमने सामने हुई थीं, जहां पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था और बाद में वह बांग्लादेश के कांस्य पदक मुकाबले में भी हार गई थी। पिछले संस्करण में भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। टीम इंडिया इस बार अपने खिताब को डिफेंड करने के इरादे से मैदान पर उतरी है, जहां उसका सेमीफाइनल में बांग्लादेश से सामना होना है।

Updated on:
20 Sept 2026 09:04 am
Published on:
20 Sept 2026 08:48 am