क्रिकेट

टेस्ट क्रिकेट मे रनों का अंबार लगाने वाले इस दिग्गज ने किया संन्यास का ऐलान, 2026 होगा आखिरी सीजन

डीन एल्गर ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। एल्गर मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप सीजन के खत्म होते ही क्रिकेट के सभी प्रारूपों से विदाई ले लेंगे।
3 min read
Aug 27, 2026
Dean Elgar Retirement
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान डीन एल्गर (photo - IANS)

Dean Elgar Retirement: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान डीन एल्गर ने घोषणा की है कि वह मौजूदा 2026 सीजन के अंत में पेशेवर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगे, जिसके साथ दो दशक से अधिक लंबे और शानदार क्रिकेट करियर का अंत हो जाएगा। उन्होंने 2024 की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। भारत के खिलाफ केपटाउन में खेले गए टेस्ट में उन्हें चोटिल टेम्बा बावुमा की जगह कप्तानी का जिम्मा मिला था।

डीन एल्गर का अंतरराष्ट्रीय करियर

39 वर्षीय एल्गर दक्षिण अफ्रीका के लिए 86 टेस्ट मुकाबलों में 37.92 की औसत से 5347 रन बना चुके हैं, जिसमें 14 शतक शामिल हैं। एल्गर साल 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ 199 रनों की पारी खेल चुके हैं। वह 18 मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।

एल्गर ने खेल छोड़ने के अपने फैसले के पीछे परिवार की जरूरतों को मुख्य कारण बताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अब मेरे लिए सही समय है। मेरी उम्र बढ़ रही है। मैं 39 साल का हो गया हूं और घर पर भी बहुत कुछ चल रहा है, खासकर मेरे छोटे लेकिन तेजी से बड़े हो रहे परिवार को लेकर। अब मेरे लिए घर पर रहने और अपने पार्टनर और बच्चों के साथ समय बिताने का सही समय है। अब तक का सफर शानदार रहा है। यह अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन सीजन के आखिर में मैं संन्यास ले लूंगा। मैं खुशकिस्मत था कि मुझे 12 साल तक अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला और फिर (दक्षिण अफ्रीका की) कप्तानी करने की जिम्मेदारी भी मिली- यह मेरे करियर के सबसे गर्व भरे पलों में से एक है।"

एल्गर ने क्या कहा

एसेक्स की ओर से जारी एक बयान में एल्गर ने कहा, "अगर आप मेरे सफर को पीछे मुड़कर देखें, तो मुझे नहीं लगता कि बहुत से लोगों को मेरे (क्रिकेट में) करियर बनाने की ज्यादा उम्मीद रही होगी, दो दशक से ज्यादा लंबे करियर की तो बात ही छोड़ दें।"

साल 2006 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की कमान संभालने वाले, एल्गर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप में एसेक्स के लिए खेला। एल्गर ने कहा, "मेरे समय में कई गर्व के पल रहे हैं। जाहिर है, कप्तान के तौर पर लॉर्ड्स में इंग्लैंड को हराना उनमें से एक है। यह पल बहुत खास है, खासकर जिस तरह से हमने क्रिकेट खेला और जिस स्टाइल और अंदाज में खेला, उसके कारण। बदलाव का दौर: जब मैंने कप्तानी संभाली तो हम वर्ल्ड रैंकिंग में सातवें नंबर पर थे, और जब मैंने छोड़ी, तो हम दूसरे नंबर पर थे। जब मैं एसेक्स से जुड़ा, तो मुझे सर एलिस्टर (कुक) की जगह लेने का दबाव महसूस हुआ, लेकिन मुझे पता था कि मुझे अपना क्रिकेट स्टाइल लाना होगा।"

क्रिकेट से कुछ समय का ब्रेक लेना चाहूंगा

उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा अपने प्रदर्शन पर गर्व रहा है और जाहिर है, मैं यह खेल जीतने के लिए खेलता हूं। मैंने कभी भी सिर्फ अपने निजी प्रदर्शन पर ध्यान नहीं दिया। एसेक्स के खिलाड़ियों के साथ मैदान पर बिताया हर पल, जब हमने जीत हासिल की और कामयाब रहे, मेरे लिए क्लब में बिताए समय की शानदार यादें हैं। आगे की बात करूं तो, मैं क्रिकेट से कुछ समय का ब्रेक लेना चाहूंगा। यह एक लंबा सफर रहा है। मैं काफी समय से घर से दूर रहा हूं। मेरे बच्चे घर पर हैं, और अब मुझे लगता है कि उनके लिए खड़ा होना और उनके साथ समय बिताना मेरी जिम्मेदारी है। मैं बस यही सोच रहा हूं कि जब मैं (घर) पहुंचूंगा, तो मुझे बहुत सारी जिम्मेदारियां निभानी होंगी, लेकिन एक पिता होने का अनुभव मुझे बहुत पसंद आया है।"

एल्गर ने आगे कहा, "मैं चाहूंगा कि लोग मुझे एक ऐसे खिलाड़ी के तौर पर याद रखें जो पूरी शिद्दत से और जीतने के लिए खेलता था, जो हारने पर भी अपनी कैप उतारकर सम्मान के साथ विरोधी टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाता था। एक ऐसा खिलाड़ी जो मेहनती और जुनूनी था, जो टीम के लिए चोट सहने और हड्डियां तुड़वाने को भी तैयार रहता था और जीतने के लिए कुछ भी कर सकता था।"

Updated on:
27 Aug 2026 08:14 am
Published on:
27 Aug 2026 08:14 am
Also Read
View All
ब्रायडन कार्स के हथकड़ी वाले मामले के बाद इंग्लैंड के ड्रेसिंग में क्या हुई चर्चा? जो रूट ने खिलाड़ियों को दिया अल्टीमेटम

IND vs SL: कोलंबो टेस्ट के आखिरी दिन भारतीय टीम को करने होंगे 3 काम, नहीं तो ड्रॉ हो सकता है मुकाबला

ENG vs PAK: इंग्लैंड-पाकिस्तान दूसरे टेस्ट में होगी बाबर आजम की वापसी, जानें भारत में क्रिकेट फैंस कब-कहां देखें लाइव

Eng vs Pak: जो रूट लॉर्ड्स में कल रचेंगे इतिहास, स्टुअर्ट ब्रॉड को छोड़ेंगे पीछे, सचिन तेंदुलकर के महारिकॉर्ड की तरफ बढ़ाएंगे एक और कदम

कोलंबो टेस्ट खत्म होने से पहले ही भारतीय स्पिनरों ने लगाई नो बॉल की झड़ी, भारत के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड