26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND vs SL: फिर बारिश से धुला तीसरा सेशन, श्रीलंका ने बनाई 16 रन की बढ़त, ड्रॉ हो सकता है कोलंबो टेस्‍ट

भारत और श्रीलंका के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल बारिश के कारण समय से पहले समाप्त हो गया। फॉलोऑन खेल रही श्रीलंकाई टीम ने दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही मेजबान टीम ने भारत के खिलाफ 16 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Aug 26, 2026

India vs Srilanka

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट खेला जा रहा है (Photo - IANS)

India vs Srilanka 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। बारिश की वजह से चौथे दिन का खेल पूरा नहीं हो पाया और तीसरे सेशन का खेल नहीं हो सका। दिन की समाप्ति तक श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 229 रन बना लिए हैं। यहां से श्रीलंका के पास सिर्फ 16 रन की लीड है। ऐसे में भारत मुकाबले के अंतिम दिन श्रीलंकाई टीम को जल्द समेटकर जीत के 'गोल्डन चांस' को भुनाने उतरेगा।

भारत ने पहली पारी में बनाए 503 रन

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की। टीम इंडिया ने 66 रन तक केएल राहुल (18) और यशस्वी जायसवाल (45) के विकेट गंवा दिए थे। यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। शुभमन 6 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए।

पड्डिकल ने फिर जड़ा शतक

इसके बाद पड्डिकल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने रवींद्र जडेजा (43) के साथ 74 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 281 के स्कोर तक पहुंचाया। पड्डिकल 193 गेंदों में 117 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 12 चौके शामिल रहे। पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान चोटिल होकर 'रिटायर्ड हर्ट' होने वाले ऋषभ पंत दूसरे दिन के पहले सेशन में फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जुटाकर टीम को 400 के पार पहुंचा दिया।

पंत भारत के खाते में 63 रन जोड़कर वापस लौटे, जिसके बाद जुरेल ने 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 115 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 503 के स्कोर तक पहुंचाया। मेजबान टीम की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा को 2-2 विकेट हाथ लगे।

श्रीलंका की पहली पारी 290 पर सिमटी

इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 35 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा ने कामिंदु मेंडिस के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया।

कामिंदु 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पसिंदु ने 9 चौकों के साथ 80 रन टीम के खाते में जोड़े। इसके बाद सोनल दिनुषा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने केशरा नुवानथा के साथ 57 रन, जबकि लाहिरू कुमारा के साथ 58 रन की साझेदारी की। सोनल (103) टीम को फॉलोऑन बचाने के बेहद करीब लेकर गए, लेकिन श्रीलंका इससे सिर्फ 14 रन पीछे रह गई।

फॉलोऑन खेलने पर मजबूर श्रीलंका

भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि सारांश जैन ने 2 शिकार किए। इनके अलावा, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट हाथ लगा। टीम इंडिया के पास पहली पारी के आधार पर 213 रन की बढ़त थी। ऐसे में भारत ने मेजबान टीम को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया।

श्रीलंकाई टीम मुकाबले के चौथे दिन फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरी और 5 के स्कोर पर लाहिरू उडारा (3) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कामिल मिशारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन, जबकि कामिंदु मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़कर टीम को पारी के अंतर से हार के खतरे से बचा लिया।

बारिश ने नहीं होने दिया तीसरा सेशन

कामिंदु मेंडिस 55 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पसिंदु ने 11 बाउंड्री के साथ 92 रन बनाए। इनके अलावा, कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने टीम के खाते में 23 रन का योगदान दिया। श्रीलंका ने दूसरी पारी में 72.4 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 229 रन बना लिए थे। इसी बीच बारिश ने मैच में दखल दे दिया, जिसके कुछ देर बाद स्टंप्स की घोषणा कर दी गई। भारत की तरफ से इस पारी में मानव सुथार सर्वाधिक 2 विकेट हासिल कर चुके हैं। इनके अलावा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट चटकाया है।