IPL के इतिहास में अब तक सिर्फ एक बार ही ऐसा हुआ है, जब एलिमिनेटर खेलने वाली टीम ने खिताब जीता हो। एलिमिनेटर से शुरू करने वाली टीम को खिताब जीतने के लिए तीन प्लेऑफ मुकाबलों में जीत दर्ज करनी पड़ती है, जो आसान काम नहीं है।
Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals, Eliminator, Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ मुक़ाबले खेले जा रहे हैं। इसका एलिमिनेटर मुक़ाबला आज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जाएगा।
एलिमिनेटर मुकबाले में जो भी टीम हारेगी, वह लीग से बाहर हो जाएगी। वहीं जीतने वाली टीम दूसरे क्वालीफायर में 29 मई को गुजरात टाइटंस (GT) से भिड़ेगी। इससे पहले पहला क्वालीफायर मैच गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया था। उस मुकाबले में आरसीबी ने 92 रन से जीत दर्ज कर फ़ाइनल में जगह बना ली है।
आईपीएल के इतिहास में अब तक सिर्फ एक बार ही ऐसा हुआ है, जब एलिमिनेटर में खेलने वाली टीम ने खिताब जीता हो। एलिमिनेटर से शुरू करने वाली टीम को खिताब जीतने के लिए तीन प्लेऑफ मुकाबलों में जीत दर्ज करनी पड़ती है, जो आसान काम नहीं है। प्लेऑफ फॉर्मेट की शुरुआत 2011 से हुई थी। उसके बाद टॉप-2 टीमों के बाहर रहकर सिर्फ एक टीम ही ट्रॉफी उठा सकी है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2016 में तीसरे स्थान पर फिनिश किया था और वह एलिमिनेटर खेलकर खिताब जीतने वाली इकलौती टीम है। हालांकि, डेक्कन चार्जर्स ने 2009 में चौथे स्थान पर रहकर आईपीएल खिताब जीता था, लेकिन उस समय मौजूदा प्लेऑफ सिस्टम नहीं था। तब सीधे सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाते थे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 मुकाबलों में 9 जीत के साथ 18 अंक अपने नाम किए। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही। एसआरएच के अंक शीर्ष-2 टीमों (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस) के बराबर थे, लेकिन कम नेट रन रेट के कारण उन्हें एलिमिनेटर खेलना पड़ रहा है। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस पर एक अहम जीत के साथ प्लेऑफ में जगह बनई है। 8 लीग मैच जीतने के बाद यह टीम 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही।