क्रिकेट

पाकिस्तान न जाने पर अड़े श्रीलंकाई क्रिकेटर, बोर्ड जुटा मनाने में, जानें क्या है पूरा मामला

जारी सीरीज का अंतिम मैच लाहौर में 29 अक्टूबर को खेला जाना है।
2 min read
• •
Updated: 15 Oct 2017, 12:27 PM IST
pak vs srl

नई दिल्ली। श्रीलंका क्रिकेट टीम की बस पर पाकिस्तान में हुए आतंकी हमला की घटना के अब आठ साल बीत चुके है। लेकिन इतना समय बीतने के बाद भी श्रीलंकाई क्रिकेटर पाकिस्तान जाने से कतरा रहे है। दोनों टीमों के बीच चल रहे मौजूदा सीरीज का अंतिम मैच लाहौर में खेला जाना है। लेकिन श्रीलंकाई क्रिकेटरों की आपत्ति के बाद अब इसके आयोजन पर तलवार लटक गई है। बता दें कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्टूबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में टी-20 मैच खेला जाना है।

आठ साल पहले हुआ था आतंकी हमला
साल 2009 में पाकिस्तान के लाहौर में टीम बस पर हुए आतंकी हमले से श्रीलंका के क्रिकेटर अब तक उबर नहीं पाए है। इस घटना के बाद पाकिस्तान में क्रिकेट मैचों का आयोजन नहीं हो सका था। दरअसल आतंकी हमले की घटना के बाद दुनिया का कोई भी देश पाकिस्तान जाने को तैयार नहीं था। हालांकि इसी साल आईसीसी की कोशिशों पर पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट का आयोजन हो पाया है। लेकिन क्रिकेट खेलने वाले देश अब भी द्विपक्षीय सीरीज के लिए पाकिस्तान जाने से कतरा रहे है। हालिया मामला श्रीलंका की टीम का है। श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने बोर्ड से अनुरोध किया है कि उन्हें पाकिस्तान न भेजा जाए।

खिलाड़ियों को मनाने में जुटे बोर्ड अधिकारी
दोनों देशों के बीच होने वाली टी-20 सीरीज के तीसरे मैच के लिए लाहौर जाने से इनकार कर रही है। मौजूदा श्रीलंका टीम के खिलाड़ी उस हादसे के कारण पाकिस्तान लौटना नहीं चाहते। उनकी मांग है कि तीसरा मैच बाकी मैचों की तरह किसी तटस्थ स्थान पर कराया जाए। श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारी हालांकि अपनी टीम के खिलाड़ियों को मनाने में लगे हुए हैं।

श्रीलंका बोर्ड की चाहत पाक जाएं टीम
मिली जानकारी के मुताबिक टीम के एक खिलाड़ी ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि खिलाड़ी वहां जाने के लिए तैयार होंगे।" 2009 में जिस श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ था उसके दो खिलाड़ी चमारा कपुगेदरा और सुरंगा लकमल मौजूदा टीम के भी सदस्य हैं। एसएलसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एशेल डी सिल्वा ने कहा है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारे लिए प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "इस पर फैसला कार्यकारी समिति की बैठक के बाद लिया जाएगा।" एसएलसी के अन्य अधिकारी जिनमें बोर्ड के अध्यक्ष थिलंगा सुमाथिपाला चाहते हैं कि टीम पाकिस्तान जाए। अगले कुछ दिनों में बोर्ड खिलाड़ियों से इसके लिए दरख्वास्त करेगा।

विश्व एकादश के साथ हो चुकी है सीरीज
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने विश्व एकादश के साथ तीन टी-20 मैचों की सीरीज का आयोजन करते हुए अपने देश में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की बहाली की कोशिश की थी।

Published on: