
नई दिल्ली। क्रिकेट के इतिहास में आज का दिन हमेशा याद रखा जाएगा, 27 नवंबर 2014 को क्रिकेट ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी फिलिप ह्यूज को खोया था। 27 नवंबर 2014 को इस ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर के सिर पर गेंद लगने से मौत हो गई थी जिसके बाद पूरा क्रिकेट जगत शोक में डूब गया था। आज ह्यूज की तीसरी बरसी है।
मैच जीतने के बाद भी स्मिथ खुश नहीं
आज ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के साथ चल रही 5 मैचों की एशेज सीरीज का पहला मैच जीत लिया है। गाबा में खेले जा रहे एशेज टेस्ट मैच के अंतिम दिन का खेल शुरू होने से पहले फिलिप ह्यूज को बार्मी सेना और ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम ने 2 मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की। भले ही ऑस्ट्रेलिया ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड से ये अहम मुकाबला जीत लिया हो लेकिन इस जीत से कप्तान स्मिथ खुश नहीं है। इसका कारण है फिलिप ह्यूज की मौत, स्मिथ ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा "तीन साल गुजर गए हैं लेकिन मैं अभी भी तुम्हें मिस करता हूं ह्यूज"। स्मिथ के अलावा ट्विटर पर क्रिकेट के दिग्गजों ने फिलिप ह्यूज को याद किया।
घरेलू मैच के दौरान हुई घटना
25 नवंबर 2014 को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के एक घरेलु टूर्नामेंट (शेफील्ड शील्ड ट्रॉफी) में साउथ ऑस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान फिलिप ह्यूज एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। मैच में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेल रहे ह्यूज न्यू साउथ वेल्स के तेज गेंदबाज सीन एबॉट की बाउंसर को हुक करने में चूक गए और गेंद सीधे ह्यूज के सर के पिछले हिस्से में जा लगी जिसके कारण ह्यूज बुरी तरह चोटिल हो गए और ग्राउंड पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाय गया, जहां दो दिन बाद ब्रेन हैमरेज से उनकी मौत हो गई। फिलिप ह्यूज अपने 26वें जन्मदिन से ठीक तीन दिन पहले दुनिया को अलविदा कह गए। इस हादस ने पूरे खेल जगत को हिला कर रख दिया था।