
महाराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
Bangal vs Maharashtra in Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के राउंड-4 में गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डंस में महाराष्ट्र ने बंगाल के खिलाफ 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की है। बंगाल ने अपनी पहली पारी में 143 रन बनाए थे। इसके जवाब मे महाराष्ट्र ने 218 रन बनाते हुए पहली पारी के आधार पर 75 रन की बढ़त हासिल की। फिर बंगाल ने अपनी दूसरी पारी में 186 रन बनाते हुए महाराष्ट्र के सामने 112 रन का मामूल लक्ष्य रखा। महाराष्ट्र के स्टार ओपनर पृथ्वी शॉ ने 53 और सचिन दास ने 61 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए टीम को 10 विकेट से आसान जीत दिलाई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बंगाल की पहली पारी की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने मात्र 18 के स्कोर पर अपनी शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह महज 143 रन पर सिमट गई। बंगाल की ओर से सबसे ज्यादा अभिषेक पोरेल ने 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, महाराष्ट्र की ओर से तनय संघ्वी ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए।
महाराष्ट्र की पहली पारी की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। उसने 18 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी पारी 218 के स्कोर पर ढेर हो गई। महाराष्ट्र के लिए गेंद के बाद बल्ले से भी तनय संघ्वी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने नाबाद 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, बंगाल की ओर से मोहम्मद शमी ने चार विकेट चटकाए। महाराष्ट्र को पहली पारी के आधार पर 75 रन की बढ़त मिली।
बंगाल की पहली पारी की तरह ही दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और पूरी टीम 186 रन पर सिमट गई। बंगाल की ओर से एक बार फिर अभिषेक पोरेल ने 65 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, तो सुमंत गुप्ता ने भी 59 रन की पारी खेली। महाराष्ट्र के लिए प्रदीप डाढे और हितेश वालुंज ने चार-चार विकेट चटकाए। इस तरह बंगाल ने महाराष्ट्र के सामने महज 112 रन का लक्ष्य रखा, जिसे उसने पृथ्वी शॉ और सचिन दास की नाबाद अर्धशतकीय पारियों के दम पर आसानी से हासिल करते हुए 10 विकेट से जीत दर्ज की।
Updated on:
5 Nov 2026, 2:51 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 2:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.