
ब्रिस्बेन। आस्ट्रेलिया यहां गाबा मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ जारी एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में जीत हासिल करने से 56 रन दूर है। आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को दूसरी पारी में 195 रनों पर ढेर कर दिया था। इसी के चलते मेजबानों को 170 रनों का लक्ष्य मिला था। आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में शानदार आगाज किया और चौथे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक बिना विकेट खोए 114 रन बना लिए हैं।
डेविड वार्नर 60 रनों पर नाबाद
स्टम्प्स तक पदार्पण मैच खेल रहे कैमरून बैनक्रॉफ्ट 51 और उप-कप्तान डेविड वार्नर 60 रनों पर नाबाद हैं। बैनक्रॉफ्ट ने 119 गेंदों का सामना किया है और पांच चौके तथा एक सिक्स लगाया है। वहीं वार्नर ने 86 गेंदों की पारी में आठ चौके जड़े हैं। इससे पहले, तीसरे दिन के स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 33 रनों से खेलने उतरी इंग्लैंड टीम लगातार विकेट खोती रही। उसने दिन का पहला विकेट मार्क स्टोनमैन (27) के रूप में खोया।
कप्तान जो रूट ने सर्वाधिक 51 रन बनाए
यहां से विकेट की झड़ी लगती चली गई और इंग्लैंड जल्द ही पवेलियन लौट ली। उसके लिए कप्तान जोए रूट ने सर्वाधिक 51 रन बनाए। मोइन अली ने 40 और जॉनी बेयर्सटो ने 42 रनों की पारी खेली।आस्ट्रेलिया के लिए मिशेल स्टार्क, नाथन लॉयन और जोस हाजलेवुड ने तीन-तीन विकेट लिए। पैट कमिंस ने एक विकेट हासिल किया।आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 302 रनों पर सीमित कर दिया था और अपनी पहली पारी में कप्तान स्टीवन स्मिथ (141) की शतकीय पारी के दम पर 328 बनाते हुए 26 रनों की बढ़त ले ली थी और फिर इंग्लैंड को दूसरी पारी में जल्दी समेट दिया था। इस शतक के साथ कप्तान स्मिथ सबसे जल्दी 21 शतक मरने वाले दिग्गजों की लिस्ट में क्रिकेट के भगवन कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से ऊपर चौथे नंबर पर आ गए है। स्मिथ ने मात्र 105 परियों में अपने टेस्ट करियर के 21 शतक पूरे कर लिए है। आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया को बेनक्रॉफ्ट और वार्नर ने मजबूत शुरुआत दी और उसकी जीत तय कर दी है।
Published on:
26 Nov 2017, 3:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.