
ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया ही नहीं बल्कि वर्तमान विश्व क्रिकेट के सबसे स्थाई प्रदर्शन वाले क्रिकेटरों में से एक स्टीवन स्मिथ (नाबाद 141) के कप्तानी शतक ने पहले एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम को इंग्लैंड पर मनोवैज्ञानिक बढ़त दिला दी है। ऑस्ट्रेलिया ने 130.3 ओवर में 328 रन बनाकर इंग्लैंड पर पहली पारी में 26 रन की मामूली लेकिन अहम बढ़त ले ली। इस मनोवैज्ञानिक बढ़त को तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने इंग्लैंड के दो विकेट 33 रन के मामूली स्कोर पर गिराकर और पुख्ता कर दिया। मेहमान टीम के पास अब आठ विकेट शेष रहते मामूली सात रन की बढ़त है। उसके बल्लेबाज मार्क स्टोनमैन 19 रन और कप्तान जो रूट पांच रन बनाकर लरज़ पर हैं।
कुक रहे फिर से फेल
इंग्लैंड की दूसरी पारी में शुरुआत काफी खराब रही और अनुभवी बल्लेबाज तथा ओपनर एलेस्टेयर कुक एक बार फिर फेल हो गए। 13 गेंद में मात्र 7 रन बनाकर कुक को हेजलवुड ने मिशेल स्टार्क के हाथों कैच करा दिया। पहली पारी में भी कुक 2 रन ही बना पाए थे। छह रन बाद ही हेजलवुड ने इंग्लैंड को एक और बड़ा झटका दे दिया, जब पहली पारी के हीरो विंस भी 2 रन बनाकर उनकी गेंद पर कप्तान स्मिथ को कैच थमा बैठे। मैच समाप्ति तक फिर स्टोनमैन और रूट 16 रन जोड़कर क्रीज़ पर हैं।
स्मिथ ने पूरा किया अपना 21वां शतक
इससे पहले सुबह ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी की शुरुआत चार विकेट पर 165 रन से आगे की। शुक्रवार के नाबाद बल्लेबाज स्मिथ (64) और शॉन मार्श (44) ने पांचवें विकेट के लिए 99 रन जोड़े। स्मिथ ने 326 गेंदों का सामना किया और 14 चौके लगाकर नाबाद 141 रन बनाए, जो उनका एशेज में छठा और कुल 21वां टेस्ट शतक है। दिन का पांचवां विकेट शॉन के रूप में गिरा, जो शुक्रवार के स्कोर में सात रन ही जोड़ पाए। उन्होंने 141 गेंदों में आठ चौकों से 51 रन बनाकर अपना आठवां अर्धशतक बनाया। उन्हें स्टुअर्ट ब्राड ने उन्हें आउट कर दिया। टिम पेन भी 13 रन पर सस्ते में जेम्स एंडरसन का शिकार बने, जबकि मिशेल स्टार्क भी छह रन पर आउट हो गए। एेसे में ऑस्ट्रेलिया एक समय 209 रन पर सात विकेट गंवा बैठा।
स्मिथ को मिला कमिंस का साथ
लेकिन एक छोर पर स्मिथ टिके रहे और उन्होंने नौवें बल्लेबाज पैट क्यूमिंस के साथ आठवें विकेट के लिए 66 रन की दूसरी बड़ी साझेदारी कर टीम को 275 तक पहुंचाया। पैट क्यूमिंस ने 120 गेंदों में पांच चौके और एक ***** जड़ 42 रन का योगदान दिया, जिन्हें क्रिस वोक्स ने कुक के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट निकाला। जोश हेजलवुड छह रन पर मोइन अली की गेंद पर बोल्ड हुए, जबकि नाथन लियोन भी नौ रन ही बना पाए। एक छोर पर गिरते विकेटों के बीच स्मिथ अंत तक टिके रहकर अपनी पारी खेलते रहे। लेकिन दूसरे छोर पर बल्लेबाज देर तक टिकने का जज्बा नहीं दिखा सके और टीम 328 पर सिमट गई और स्मिथ नाबाद पवेलियन लौटे। इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्राड ने 49 रन पर तीन विकेट, जेम्स एंडरसन ने 50 रन पर दो विकेट, मोइन अली ने 74 रन पर दो विकेट लिए, जबकि क्रिस वोक्स, जेक बॉल और जो रूट को एक-एक विकेट हाथ लगा।
21शतक के लिए सबसे कम पारी
खिलाड़ी -टीम- पारी
डॉन ब्रैडमैन ऑस्ट्रेलिया 56
सुनील गावस्कर भारत 98
स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया 105
सचिन तेंदुलकर भारत 110
कई रिकॉर्ड तोड़े स्मिथ ने
5वें कप्तान हैं स्मिथ जिन्होंने एशेज में शतक से कप्तानी का डेब्यू किया
114 साल पुराना कप्तानी डेब्यू में सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ा स्मिथ ने
1903 में मोंटी नोबेल ने कप्तानी डेब्यू करते हुए १३३ रन की पारी खेली थी
326 एशेज टेस्ट खेले गए हैं नोबेल से स्मिथ के शतक तक पहुंचने के बीच
261 गेंद खेली शतक के लिए स्मिथ ने, बनाया अपना सबसे धीमा शतक
227 गेंद में अपना इससे पहले धीमा शतक स्मिथ ने इस साल रांची टेस्ट में बनाया था
13 शतक 47 कप्तानी पारी में बनाकर स्मिथ ने की महेला जयवर्धने की बराबरी
14 शतक 38 कप्तानी पारी में बनाने वाले डॉन ब्रैडमैन ही हैं इन दोनों से ज्यादा तेज
Updated on:
25 Nov 2017, 5:08 PM IST
Published on:
25 Nov 2017, 4:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.