क्रिकेट

चेन्नई सुपर किंग्स से क्यों नहीं जुड़ सके हार्दिक पंड्या? एस बद्रीनाथ ने किया बड़ा दावा

IPL 2027 से पहले हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े। जानिए CSK में उनका ट्रेड क्यों नहीं हो पाया और एस बद्रीनाथ ने क्या वजह बताई।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:53 PM IST
ipl 2027
हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह। (Photo- X/@IPL)

Subramaniam Badrinath on Hardik Pandya: IPL 2027 से पहले हार्दिक पंड्या को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। स्टार ऑलराउंडर अब मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। वह पहली बार पंजाब की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। दोनों टीमों के बीच यह ट्रेड 18 करोड़ रुपए में हुआ है। इस ट्रेड से पहले हार्दिक पंड्या के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने की भी चर्चा थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब इसको लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने बड़ा खुलासा किया है।

एस बद्रीनाथ अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया कि चेन्नई सुपर किंग्स के पास मुंबई इंडियंस को देने के लिए अच्छे खिलाड़ी नहीं थे। बद्रीनाथ ने कहा, 'चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस काफी निराश होंगे। हमने चर्चा की थी कि हार्दिक का टीम में आना कितना शानदार होता। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। चेन्नई सुपरकिंग्स के पास मुंबई इंडियंस को बदले में देने के लिए अच्छे खिलाड़ी नहीं थे। कुछ पाने के लिए कुछ देना भी पड़ता है। यही इसकी मुख्य वजह है।'

अर्शदीप सिंह ने 2019 में किया था IPL डेब्यू

इस ट्रेड में पंजाब किंग्स ने अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के साथ भेजा है। अर्शदीप पंजाब के घरेलू खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने IPL 2019 में पंजाब किंग्स की ओर से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्हें IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया गया। पंजाब ने IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले अर्शदीप को रिलीज कर दिया था। हालांकि, टीम ने RTM कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें 18 करोड़ रुपए में फिर खरीद लिया। अब ट्रेड के बाद भी उनकी फीस 18 करोड़ रुपए ही रहेगी।

हार्दिक पंड्या को हुआ फायदा

हार्दिक को इस ट्रेड से 1.65 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। मुंबई ने उन्हें IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 16.35 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। अब पंजाब में उन्हें 18 करोड़ रुपए मिलेंगे।

हार्दिक पंड्या ने 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ IPL करियर शुरू किया था। IPL 2022 से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस से जुड़े और कप्तान बने। उनकी कप्तानी में गुजरात ने पहले ही सीजन में खिताब जीता। IPL 2023 में टीम फाइनल तक पहुंची।

IPL 2024 से पहले हार्दिक पंड्या की मुंबई में वापसी हुई। उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी गई। उन्होंने तीन सीजन तक टीम की कमान संभाली, लेकिन मुंबई उनके नेतृत्व में फाइनल तक नहीं पहुंच सकी। अब IPL 2027 में वह पंजाब किंग्स के लिए नई शुरुआत करेंगे।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:53 PM IST
Published on: