- सैयद किरमानी ने कहा है कि धोनी का ये तरीका बिल्कुल सही नहीं है
नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni ) वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। इसको लेकर धोनी कई पूर्व क्रिकेटरों की आलोचनाओं का भी सामना कर रहे हैं। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ( Sunil Gavaskar ) के बाद अब भारत के एक पूर्व क्रिकेटर ने धोनी पर निशाना साधा है। टीम इंडिया के दिग्गज विकेटकीपर सैयद किरमानी ( Syed Kirmani ) ने धोनी के क्रिकेट से दूर रहने को लेकर कहा कि उनका (धोनी) का ये तरीका बिल्कुल भी सही नहीं है।
छह महीने से क्यों मैदान पर नहीं उतर रहे हैं धोनी?
सैयद किरमानी ने कहा है कि धोनी का क्रिकेट में वापसी को लेकर जो चुप्पी साधी हुई है, वो समझ से परे है। किरमानी ने कहा कि धोनी का यह तरीका सही नहीं है, वह एक महान कप्तान और खिलाड़ी हैं उन्हें बताना चाहिए कि वह पिछले छह महीने से मैदान पर क्यों नहीं उतरे हैं?
गावस्कर ने भी दिया था संन्यास लेने का सुझाव!
सैयद किरमानी से पहले पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर भी धोनी पर सवाल खड़े कर चुके हैं। हाल ही गावस्कर ने कहा था कि कोई खिलाड़ी इतने समय तक खुद को टीम इंडिया से दूर कैसे रख सकता है? गावस्कर ने इससे पहले ये भी कहा था कि अब धोनी को आराम ले लेना चाहिए, उनकी फिटनेस पर कोई शक नहीं किया जा सकता, लेकिन वापसी को लेकर खुद धोनी ही जवाब दे सकते हैं।
अब आईपीएल में ही खेलते हुए नजर आएंगे धोनी
आपको बता दें कि धोनी वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से ही कोई मैच नहीं खेले हैं। पहले उन्होंने सेना के साथ काम करने के लिए आराम लिया था और फिर उन्होंने खुद को चयन के लिए अनुपलब्ध बताया था। क्रिकेट में वापसी को लेकर धोनी की तरफ से अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। वर्ल्ड कप के बाद से लगभग 6 महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलने के बाद धोनी अब आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।