
Saurashtra Squad for Syed Mushtaq Ali Trophy: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए सौराष्ट्र की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट पर फिर भरोसा जताते हुए एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में दो विकेट-कीपर हरविक देसाई और हरवंश सिंह पांगलिया को जगह दी गई है। हरवंश सिंह पांगलिया इस साल अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य भी रहे हैं। सौराष्ट्र की टीम में कप्तान जयदेव उनादकट के अलावा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया, ऑलराउंडर प्रेरक मांकड़, पार्थ भुट और क्रेंस फुलेत्रा शामिल हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में सौराष्ट्र को एलीट ग्रुप-बी में बिहार, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे और तमिलनाडु के साथ रखा गया है। सौराष्ट्र की टीम अपने सभी लीग मुकाबले इंदौर में खेलेगी। सौराष्ट्र की टीम रणजी ट्रॉफी का खिताब तो जीत चुकी है, लेकिन अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब नहीं जीत पाई है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र की टीम अपने सभी मुकाबले इंदौरा में खेलेगी। सौराष्ट्र की टीम अपने अभियान का आगाज 14 नवंबर को बिहार के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला सुबह 11 बजे होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे सौराष्ट्र का सामना हरियाणा से होगा। हरियाणा और सौराष्ट्र के बीच यह मुकाबला डेली कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।
इसके बाद सौराष्ट्र की टीम 18 नवंबर की शाम 4:30 बजे होलकर स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर से भिड़ेगी। इसके बाद 22 नवंबर को सुबह 9 बजे डेली कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में रेलवे के खिलाफ मुकाबला होगा। सौराष्ट्र की टीम अपना आखिरी दो ग्रुप मैच होलकर स्टेडियम में खेलेगी। 24 नवंबर को सौराष्ट्र और पंजाब के बीच मैच खेला जाएगा। वहीं 26 नवंबर को शाम 4:30 बजे सौराष्ट्र का सामना तमिलनाडु से होगा।
जयदेव उनादकट (कप्तान), हरविक देसाई (विकेट-कीपर), जय गोहिल, प्रेरक मांकड़, विश्वराजसिंह जडेजा, समर गज्जर, रुचित अहीर, चेतन सकारिया, पार्थ भुट, हरवंश सिंह पांगलिया (विकेट-कीपर), सिद्धांत राणा, क्रेंस फुलेत्रा, युवराज चूडासमा, लकीराज वाघेला, देवांग करमटा और अंकुर पंवार।