
Suryakumar Yadav Poor Form, T20 Mumbai League 2026: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उन्हें टी20 कप्तानी से हटाए जाने के साथ-साथ आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से भी बाहर रखा जा सकता है। सूर्या लंबे समय से फॉर्म में नहीं हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में फ्लॉप प्रदर्शन के बाद अब उनकी बल्लेबाजी टी20 मुंबई लीग 2026 में भी नहीं चल रही है। मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 19 रन बनाए, जबकि गुरुवार को बंद्रा ब्लास्टर्स के विरुद्ध मात्र 4 रन पर आउट हो गए। इस लीग के दो मैचों में सूर्या कुल 23 रन ही बना सके हैं और दोनों ही मुकाबलों में उनकी टीम को हार मिली।
चीफ सिलेक्टर अजित आगरकर की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) कि चयन समिति अब सिर्फ कप्तानी छीनने पर ही नहीं, बल्कि उन्हें टीम से पूरी तरह बाहर करने पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। फरवरी में टी20 विश्व कप 2026 जिताने वाले कप्तान अब 35 साल की उम्र में अपनी जगह बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
पिछले एक साल से सूर्या की फॉर्म में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए 13 मैच खेलते हुए उन्होंने 20.76 की औसत से सिर्फ 270 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 147 रहा, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे। बीसीसीआई अब टी20 विश्व कप 2028 और लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 को ध्यान में रखते हुए नई रणनीति बना रही है।
खबर है कि बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। शनिवार 6 जून को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम घोषित करते समय नए टी20 कप्तान का ऐलान किया जा सकता है। ज्यादातर रिपोर्ट्स में श्रेयस अय्यर का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहा है।
सूर्यकुमार यादव का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 36.35 की औसत से 3272 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 25 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 162.94 का रहा है। कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड बेहद अच्छा है। 52 मैचों में उन्होंने 40 जीत हासिल की है, यानी लगभग 77% की जीत प्रतिशत। वे भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल टी20 कप्तानों में शुमार हैं।