T20 World Cup 2026 Controversy: विवाद की शुरुआत बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद हुई थी।
ICC Men's T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बांग्लादेश को बाहर किए जाने के बावजूद पाकिस्तान ने नया बवाल खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ ग्रुप ए के मुकाबले को खेलने से मना कर दिया है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने यह साफ कर दिया है कि उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी।
इसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से इस फैसले पर दोबारा विचार करने की बात कही है। अब पाकिस्तान इस पर क्या फैसला लेता है, इस पर पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस की नजर बनी हुई है। इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आईसीसी को हटाकर एक नई वैश्विक क्रिकेट गवर्निंग बॉडी गठित करने की मांग उठा दी है। उन्होंने आईसीसी को भारतीय राजनीति का गुलाम तक बता दिया। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि एक नई ग्लोबल क्रिकेट गवर्निंग बॉडी बनाई जानी चाहिए।
आपको बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से निकालने के बाद हुई थी। पहले बांग्लादेश में इसका विरोध प्रदर्शन हुआ और बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर बैन लगा दिया। इसके बाद बांग्लादेश भारत में अपने वर्ल्ड कप मैच न खेलने पर अड़ गया।
आईसीसी ने बांग्लादेश को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माने तो आईसीसी ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को जगह दे दी। इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की धमकी देनी शुरू कर दी। हालांकि जिस दिन बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर किया गया, उसके अगले ही दिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया था। इसके बाद 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि उसकी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी।