क्रिकेट

इंग्लैंड के मुंह से मैच छीनने वाले बुमराह का प्रदर्शन देख दंग रह गए इंग्लैंड के दिग्गज, कहा- दूसरी दुनिया से…

जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्डकप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में शानदार गेंदबाजी की थी और अंग्रेजों से मैच छीनने का काम किया था।

2 min read
Mar 07, 2026
जसप्रीत बुमराह (फोटो- IANS)

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भले ही इकलौता विकेट हासिल किया, लेकिन 8.20 की इकॉनमी से कसी हुई गेंदबाजी करते हुए भारत को मुकाबला जिताने में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड और स्टीवन फिन ने जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें अब तक का सबसे महान तेज गेंदबाज बताया है।

ये भी पढ़ें

T20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा खेलेंगे या नहीं? संजू सैमसन ने बताया सूर्या-गौतम की सोच

इंग्लैंड से छीन लिया मैच

बुमराह ने 18वां ओवर शानदार तरीके से फेंका, जिसमें सिर्फ 6 रन दिए। उनके इस ओवर ने इंग्लैंड की जीत की राह मुश्किल बना दी थी। उनकी शानदार गेंदबाजी ने भारत को लगातार दूसरे टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने में मदद की। एक हाई-स्कोरिंग मैच में, जहां दोनों टीमों का लगभग 12.5 रन प्रति ओवर का रेट था, बुमराह ने अपने चार ओवर में सिर्फ 33 रन दिए और अपनी पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का अहम विकेट लिया।

स्टीवन फिन ने बुमराह की स्किल्स को सराहते हुए उन्हें अब तक का सबसे महान गेंदबाज बताया। फिन ने ब्रॉड से बातचीत में कहा, "बाकी सब इंसान हैं। अच्छे गेंदबाज हैं, महान गेंदबाज हैं, लेकिन फिर जसप्रीत बुमराह आते हैं, जो इस समय उन सबसे ऊपर हैं। मैं पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क जैसे खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल करता हूं। मुझे लगता है कि वह किसी भी दूसरे गेंदबाज की तुलना में किसी दूसरी दुनिया के हैं।"

ब्रॉड ने फिन की बातों से सहमति जताते हुए कहा, "आप इस बात के लिए बहुत मजबूत तर्क दे सकते हैं कि वह अब तक के सबसे महान तेज गेंदबाज हैं। मैल्कम मार्शल, रिचर्ड हेडली, कर्टली एम्ब्रोस, ग्लेन मैक्ग्रा- ये सभी महान खिलाड़ी रहे हैं। तुलना करना मुश्किल है, क्योंकि हमने मैल्कम मार्शल को टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में गेंदबाजी करते नहीं देखा, जहां गेंद चारों ओर उड़ती रहती है। लेकिन मेरे लिए वह निश्चित रूप से सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं, जिन्हें मैंने कभी खेलते देखा है।"

मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में बुमराह 10 विकेट के साथ टूर्नामेंट में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। बुमराह ने इस टूर्नामेंट के 7 मुकाबलों में 24 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें 159 रन दिए हैं।

500 विकेट कर चुके हैं अपने नाम

जसप्रीत बुमराह फिलहाल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले की तैयारी में जुटे हैं। भारत के टॉप पेसर बुमराह ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के दौरान अपने करियर का एक बड़ा मुकाम हासिल किया। वे 500 इंटरनेशनल विकेट तक पहुंचने वाले आठवें भारतीय गेंदबाज बन गए। इस लिस्ट में अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, कपिल देव, रवींद्र जडेजा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ का नाम शामिल है।

ये भी पढ़ें

अगर जीतना है टीम इंडिया को टी20 वर्ल्डकप का खिताब, इन खामियों को सुधारकर फाइनल में रखना होगा कदम

Also Read
View All

अगली खबर