क्रिकेट

ODI में टीम इंडिया को धूल चटाने वाला कीवी कप्तान वर्ल्ड कप से बाहर, न्यूजीलैंड को लगा तगड़ा झटका!

न्यूजीलैंड को लगा तगड़ा झटका! टीम इंडिया को वनडे सीरीज में धूल चटाने वाला कीवी कप्तान ब्रेसवेल चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए है। जानिए कौन लेगा उनकी जगह और क्या है न्यूजीलैंड का सुपर-8 प्लान...
2 min read
Feb 17, 2026
michael bracewell ruled out new zealand, T20 world cup
Michael Bracewell ruled out from T20 World Cup's New Zealand squad (photo - espncricinfo)

T20 World Cup 2026, Michael Bracewell Replacement: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के लिए एक बुरी खबर है। ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल अपनी पिंडलियों (calf) की चोट की वजह से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अनुभवी खिलाड़ी कोल मैककोन्ची को टीम में शामिल किया गया है।

ब्रेसवेल का बाहर होना एक बड़ा झटका

यह वही माइकल ब्रेसवेल हैं जिनकी कप्तानी और शानदार खेल के दम पर न्यूजीलैंड ने पिछली वनडे सीरीज में भारत को हराया था। भारतीय पिचों पर उनका रिकॉर्ड और अनुभव बहुत जबरदस्त रहा है, और उनकी पहली वनडे जीत भारत के खिलाफ ही आई थी जो उनके लिए बहुत खास थी। ब्रेसवेल ने 2023 में भारत के खिलाफ 78 गेंदों में धुआंधार शतक भी जड़ा था। और अब यही मैच विनर खिलाड़ी चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका है। न्यूजीलैंड को इस टूर्नामेंट में उनकी कमी जरूर खलेगी।

कोच को ब्रेसवेल के जाने का दुख

कोच रॉब वॉल्टर ने कहा कि उन्हें ब्रेसवेल के लिए बहुत बुरा लग रहा है क्योंकि उन्होंने वापसी के लिए बहुत मेहनत की थी, लेकिन उन्हें कोल मैककोन्ची के अनुभव पर पूरा भरोसा है।

कोल मैककोन्ची होंगे नए गेम चेंजर

ब्रेसवेल की जगह आए कोल मैककोन्ची भी एक बेहतरीन स्पिन ऑलराउंडर हैं। वह पहले से ही टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर भारत में थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 12 टी20 मैच खेले हैं और घरेलू क्रिकेट में अपनी टीम कैंटरबरी किंग्स को लगातार 6 फाइनल तक पहुंचाया है। मैककोन्ची ने कहा, 'भारत और श्रीलंका में वर्ल्ड कप खेलना बहुत खास है और मैं टीम की जीत में अपना पूरा योगदान देने के लिए तैयार हूं।'

टीम की ताजा स्थिति

आज मंगलवार (17 फरवरी) को चेन्नई में कनाडा के खिलाफ होने वाले मैच में जीत हासिल करते ही न्यूजीलैंड की टीम सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर लेगी। न्यूजीलैंड के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका पहले ही ग्रुप-D से लगातार तीन जीत के साथ अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुका है। अगर आज न्यूजीलैंड जीत जाता है, तो कनाडा इस वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगा।

Updated on:
17 Feb 2026 10:47 am
Published on:
17 Feb 2026 10:47 am