
टी20 वर्ल्डकप 2026 में जिम्बाब्वे का अबतक का अभियान शानदार रहा है (फोटो- IANS)
Zimbabwe, T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की लगातार हार के बाद टूर्नामेंट ने बेहद रोमांचक मोड़ ले लिया है। कंगारूओं की इस स्थिति ने आज का दिन विश्व कप में बेहद रोमांचक बना दिया है, जहां तीन मुकाबले खेले जाने हैं और सबकी नजरें आयरलैंड और जिम्बाब्वे के मैच पर रहेंगी।
दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया को अपने ग्रुप चरण अभियान में पहले जिम्बाब्वे से अप्रत्याशित हार झेलनी पड़ी, और फिर 16 फरवरी की रात श्रीलंका के खिलाफ भी शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब समीकरण यह है कि यदि आज होने वाले मुकाबले में जिम्बाब्वे आयरलैंड को हरा देता है, तो ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप चरण से ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा। वहीं जिम्बाब्वे सुपर स्टेज में प्रवेश कर जाएगा।
आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच मैच श्रीलंका के पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस मैच में आयरलैंड की जीत की कामना करेगी, जबकि जिम्बाब्वे एक और जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया को बाहर का रास्ता दिखाना चाहेगा। दोनों देशों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अबतक दो मुक़ाबले खेले गए हैं और दोनों ने एक - एक जीते हैं।
ऐसे में अगर जिम्बाब्वे आज आयरलैंड को हरा देता है, तो यह न सिर्फ इस टी20 वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी जीत होगी, बल्कि वह पहली बार सुपर 8 में जगह बना लेगा। जिम्बाब्वे अबतक छह टी20 वर्ल्ड कप खेल चुका है और हर बार ग्रुप स्टेज में बाहर हो गया है।
जिम्बाब्वे का अभियान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक शानदार रहा है। उसने अपने पहले मैच में ओमान को 8 विकेट से हराया और दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से पराजित किया। वहीं आयरलैंड ने अब तक तीन में से सिर्फ एक मैच जीता है, जिसमें उसने ओमान को 96 रन से हराया था। इससे पहले उसे श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
Updated on:
17 Feb 2026 09:31 am
Published on:
17 Feb 2026 09:31 am
