क्रिकेट

पाकिस्तान ने दी T20 वर्ल्डकप से बाहर होने की धमकी, PCB चेयरमैन नकवी ने बताया क्या है प्लान

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 से बांग्लादेश के बाद अब पाकिस्तान भी बाहर होने की धमकी दे रही है। PCB चीफ मोहसिन नकवी ने टूर्नामेंट को बॉयकॉट करने की बात कही है।

2 min read
Jan 24, 2026
पीसीबी अध्‍यक्ष मोहसिन नकवी। (फोटो सोर्स: IANS)

ICC Men's T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे इस वर्ल्ड कप को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पहले आईसीसी ने बांग्लादेश की शर्तों और मांगों को खारिज कर दिया, जिससे उनके टूर्नामेंट में खेलने की संभावनाएं खत्म हो गई हैं और उसकी जगह स्कॉटलैंड को इस टूर्नामेंट के लिए शामिल कर लिया गया है। उसके बाद अब पाकिस्तान ने वर्ल्डकप से बाहर होने की धमकी देनी शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

सूर्या की बैटिंग देख गदगद हुए सुनील गावस्कर, जानें क्यों MI को दिया उनकी धमाकेदार पारी का क्रेडिट

नकवी ने फिर उगला जहर

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने मीडिया से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं। नक़वी ने आईसीसी के फैसले की आलोचना तो की ही, साथ ही उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के साथ जो कुछ भी हुआ, वह गलत है। उन्होंने कहा, “मैंने आईसीसी की बोर्ड मीटिंग के दौरान भी कहा था कि आप डबल स्टैंडर्ड नहीं रख सकते। एक मुल्क के लिए आप अलग फैसला ले रहे हैं और दूसरे मुल्क के लिए अलग। बांग्लादेश को हर सूरत में वर्ल्ड कप खेलना चाहिए। वह एक बड़ा हितधारक है। कोई भी देश किसी को डिक्टेट नहीं कर सकता। बांग्लादेश के साथ नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए।”

इसके बाद नक़वी ने कहा कि बांग्लादेश को हाइब्रिड मॉडल पर खिलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान के साथ भारत के मामले में हाइब्रिड मॉडल अपनाया गया, तो वही बांग्लादेश के साथ भी होना चाहिए। अगर इसी तरह का बर्ताव आईसीसी ने जारी रखा, तो पाकिस्तान भी फैसला लेगा। एक बार फैसला सामने आने दीजिए, हमारे पास एबीसीडी प्लान है।”

भारत के ग्रुप में पाक

आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में पाकिस्तान को भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ रखा गया है। बांग्लादेश को बाहर किए जाने के बाद आईसीसी ने अपडेटेड शेड्यूल तो जारी कर दिया है, लेकिन अगर पाकिस्तान भी बाहर होता है, तो एक और बदलाव की गुंजाइश नजर आ रही है। हालांकि, अगर अब कुछ भी नहीं बदलता है, तो पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह अपना दूसरा मुकाबला कोलंबो में ही यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।

15 फरवरी को पाकिस्तान की टीम हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत से भिड़ेगी। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला पाकिस्तान की टीम 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलेगी। अगर पाकिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज में टॉप-2 में जगह बनाने में सफल रहती है, तो उसे सुपर-8 में जगह मिलेगी, नहीं तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर