क्रिकेट

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के ऑफिस में घुसे हथियारबंद तालिबानी, पूर्व क्रिकेटर भी साथ

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ हामिद शिनवारी ने कहा था कि तालिबान के कब्जे के बाद भी क्रिकेट को कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि तालिबान भी क्रिकेट से प्यार करता है। अब बोर्ड के दफ्तर में तालिबानी लड़ाकों के घुसने से अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

2 min read
Taliban Enter Afghanistan cricket board headquarters

अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद यह सवाल उठ रहा था कि अब वहां के क्रिकेट का क्या होगा। हालांकि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ हामिद शिनवारी ने कहा था कि तालिबान के कब्जे के बाद भी क्रिकेट को कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि तालिबान भी क्रिकेट से प्यार करता है। साथ ही उन्होंने कहा था कि अफगानिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी। वहीं हाल ही हथियारबंद तालिबानी लड़ाके अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के ऑफिस में घुस गए। उनके साथ एक पूर्व क्रिकेटर भी था। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पूर्व क्रिकेटर अब्दुल्लाह मजारी भी दिखे साथ
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में कई बंदूकधारी तालिबानी नजर आ रहे हैं, जो एक हॉल में बैठे हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व मीडिया मैनेजर और पत्रकार इब्राहिम मोमंद का दावा है कि ये तालिबानी लड़ाके अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्यालय में बैठे हैं। इनके साथ अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और तेज गेंंदबाज अब्दुल्लाह मजारी भी हैं। अब्दल्लाह मजारी ने अफगानिस्तान के लिए दो इंटरनेशनल वनडे मैच खेले हैं। इसके साथ ही उन्होंने 21 फर्स्ट क्लास मैच, 16 लिस्ट ए और 13 टी-20 मुकाबले भी खेले हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी अफगानिस्तान की टीम!
हाल ही अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मीडिया मैनेजर हिकमत हसन ने कहा था कि टीम के टी20 विश्व कप में शामिल होने को लेकर किसी तरह की कोई शंका नहीं है। उन्होंने कहा था कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप खेलेगी और इसके लिए तैयारी चल रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में टीम के खिलाड़ी काबुल में ट्रेनिंग के लिए लौटेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि वे ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के साथ भी सीरीज के लिए स्थान को तलाश कर रहे हैं।

बीसीसीआई रख रहा हालात पर नजर
वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का कहना है कि वह अफगानिस्तान के हालात पर नजर रखे हुए है। साथ ही बीसीसीआई ने उम्मीद जताई है कि अफगानिस्तान के खिलाड़ी आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि अभी प्रतिक्रिया देना जल्दबाजी होगी, लेकिन नजर रखे हुए हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि राशिद खान, मोहम्मद नबी और अफगानिस्तान के अन्य खिलाड़ी आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में हिस्सा जरूर लेंगे।

Updated on:
21 Aug 2021 10:11 am
Published on:
21 Aug 2021 10:09 am
Also Read
View All