
Team India:आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया की तैयारी का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। टूर्नामेंट में अभी करीब एक साल का समय बाकी है, लेकिन टीम इंडिया के पास अपनी तैयारियों को परखने और मजबूत संयोजन तैयार करने के ज्यादा मौके नहीं होंगे। ऐसे में अगले कुछ महीनों में खेले जाने वाले वनडे मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। तय शेड्यूल के मुताबिक, अब टीम इंडिया को न्यूजीलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ कुल 11 वनडे मुकाबले खेलने हैं। इन सीरीज में टीम मैनेजमेंट के पास खिलाड़ियों की फॉर्म और फिटनेस परखने के साथ-साथ अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाने का मौका होगा।
टीम इंडिया सबसे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसके लिए टीम इंडिया न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। दोनों टीमों के बीच सीरीज के मुकाबले 4, 7, 10, 13 और 15 नवंबर 2026 को खेले जाएंगे। पांच मैचों की वनडे सीरीज आगामी वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से खास होगी, क्योंकि लगातार मुकाबलों में टीम को अपने मुख्य खिलाड़ियों के साथ-साथ विकल्पों को भी आजमाने का मौका मिलेगा।
इसके बाद भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे खेले जाएंगे। इसके लिए श्रीलंकाई टीम भारत का दौरा करेगी। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज के मुकाबले 13, 16 और 19 दिसंबर 2026 को होंगे। यह सीरीज टीम इंडिया के लिए अपने मध्यक्रम, स्पिन और तेज गेंदबाजी के विकल्पों को परखने का अवसर देगी।
नए साल में टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे खेलेगी। इसके लिए जिम्बाब्वे की टीम भारत का दौरा करेगी। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज के मुकाबले 3, 6 और 9 जनवरी 2027 को होंगे। यह दौरा खासतौर पर उन खिलाड़ियों के लिए अहम हो सकता है, जो आगामी वनडे वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश कर रहे हैं।
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम के पास सिर्फ स्टार खिलाड़ियों का होना काफी नहीं होता, बल्कि हर भूमिका के लिए बैकअप और सही कॉम्बिनेशन भी जरूरी होता है। यही वजह है कि ये 11 वनडे टीम मैनेजमेंट के लिए खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाओं में आजमाने, प्लेइंग इलेवन तय करने और बेंच स्ट्रेंथ तैयार करने का अहम मैच होंगे।