Team India Semifinal Scenario: टी20 वर्ल्डकप 2026 के सुपर 8 के अपने पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया को एकतरफा हार झेलनी पड़ी, जिससे उनके सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है।
Team India in T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का अजेय सिलसिला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खत्म हो गया। सुपर 8 के मुकाबले में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हरा दिया। आपको बता दें कि दोनों टीमें आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2024 के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने हुई थीं, जहां भारतीय टीम ने 7 रन से मुकाबला जीतकर दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी। उस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अजेय रहते हुए खिताब जीतने में सफल रही थी।
इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती चार मुकाबलों में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका का भी शानदार फॉर्म जारी रहा और उन्होंने अब 14 मैच खेलने के बाद भारत की तरह 13 मैच जीत लिए हैं। भारतीय टीम ने भी 14 मैच खेलकर 13 जीत हासिल की हैं, लेकिन उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है, जबकि साउथ अफ्रीका को एकमात्र हार भारत से मिली थी।
सुपर-8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को जहां दो अंक मिल गए हैं, वहीं भारतीय टीम का खाता अभी भी खाली है। अब सवाल यह है कि भारतीय टीम कैसे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। आपको बता दें कि टीम इंडिया को अगला मुकाबला जिंबॉब्वे के खिलाफ खेलना है। यह मैच 26 फरवरी को चेन्नई में खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम कोलकाता के ईडन गार्डन में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
टीम इंडिया के लिए फिलहाल स्थिति साफ है कि दोनों मुकाबलों में उसे बड़ी जीत हासिल करनी होगी। चार अंक हासिल करने के साथ-साथ भारतीय टीम को नेट रन रेट में भी खुद को मजबूत रखना होगा। हालांकि, अगर भारतीय टीम एक और मुकाबला हार जाती है, तो उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। आपको बता दें कि भारतीय टीम इससे पहले 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी थी, जबकि 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हार गई थी। वहीं 2024 में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी।