आईपीएल के इतिहास में कई ऐसे मौके आए हैं जब गेंदबाजों ने अपने चार ओवर के स्पेल में 70 से ज्यादा रन लुटा दिए हैं। आइए नज़र डालते हैं ऐसे गेंदबाजों पर
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। टीमों ने कमर कस ली है और सभी फ्रैंचाइज़ी अपने-अपने होम ग्राउंड में प्रैक्टिस कर रही हैं। टी20 फॉर्मेट बल्लेबाजों का खेल है, जिसमें अक्सर गेंदबाजों की धुनाई देखी जाती है। आइए, ऐसे ही 5 बदनसीब गेंदबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने एक ही आईपीएल मैच में 70 से ज्यादा रन लुटा दिए।
जोफ्रा आर्चर: राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जोफ्रा आर्चर ने 23 मार्च 2025 को सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध महज 4 ओवरों में 76 रन लुटा दिए। इस दौरान तेज गेंदबाज को एक भी विकेट नसीब नहीं हुआ। 286/6 का स्कोर बनाने के बाद राजस्थान रॉयल्स को 242/6 के स्कोर पर रोककर सनराइजर्स हैदराबाद ने मैच 44 रन से अपने नाम किया था।
मोहम्मद शमी: इस तेज गेंदबाज ने 12 अप्रैल 2025 को सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए पंजाब किंग्स के विरुद्ध 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें बगैर कोई विकेट हासिल किए 75 रन लुटाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 6 विकेट खोकर 245 रन बनाए, जिसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट शेष रहते 18.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।
विल ओ'रूर्के: लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवरों में 74 रन लुटाए। हालांकि, इस दौरान 2 विकेट भी हासिल किए, लेकिन टीम ने मैच गंवा दिया। 27 मई 2025 को खेले गए इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 227 रन बनाए। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18.4 ओवरों में 6 विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर ली।
मोहित शर्मा: 24 मई 2024 को गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 4 ओवरों में 73 रन लुटा दिए, उन्हें कोई विकेट भी हाथ नहीं लगा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट खोकर 224 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 220 रन ही बना सकी। कैपिटल्स ने 4 रन के करीबी अंतर से मैच जीता।
बेसिल थंपी: सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए थंपी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 4 ओवरों में 70 रन लुटा दिए। इस दौरान उन्हें एक भी विकेट हाथ नहीं लग सका। 17 मई 2018 को खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 6 विकेट खोकर 218 रन बनाए। इसके जवाब में सनराइजर्स 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 204 रन ही जुटा सकी। आरसीबी ने मुकाबला 14 रन से अपने नाम किया।