Steve Waugh और Mark Waugh दोनों जुड़वा भाई हैं और इन दोनों ने एक साथ अपने देश के लिए 108 मैच खेले। यह एक रिकॉर्ड है।
नई दिल्ली : विश्व क्रिकेट में सबसे कामयाब जुड़वा भाई वॉ ब्रदर्स (Waugh Brothers) के नाम से मशहूर ऑस्ट्रेलिया के स्टीव वॉ (Happy Birthday Steve Waugh और मार्क वॉ (Happy Birthday Mark Waugh) हैं। इतना ही नहीं, एक साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने वाले भी यह सबसे पहले जुड़वा भाई हैं। इन दोनों का जन्म आज ही के दिन यानी 2 जून 1965 को न्यू साउथ वेल्स के केंटरबरी में हुआ था। आज ये दोनों अपना 55वां जन्मदिन (Waugh Brothers Birthday) मना रहे हैं। ये दोनों ऑस्ट्रेलिया के लिए एक साथ एक दशक से अधिक समय तक खेल चुके हैं और दोनों को ही सर्वकालिक बेहतरीन क्रिकेटरों में शुमार किया जाता है।
स्टीव ने किया पहले पदार्पण
स्टीव वॉ ने मार्क वॉ से करीब छह साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। उन्होंने 1985 में भारत के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके अगले ही साल वह ऑस्ट्रेलिया की एकदिवसीय टीम में भी चुन लिए गए और उन्हें 1987 में भारत में हुआ विश्व कप (ICC Odi World Cup) भी खेलने का मौका मिला और अपने पहले ही विश्व कप में वह सुर्खियों में आ गए। डेथ ओवरों में किफायती गेंदबाजी कर ऑस्ट्रेलिया को पहली बार विश्व कप खिताब दिलाने में मदद की। इस कारण उनका नाम के साथ ‘आइसमैन’ का टैग जुड़ गया। खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 रन से मात दी। विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया टीम की कमान कप्तान एलन बॉर्डर के हाथों में थी।
भाई को बाहर कर मार्क वॉ ने किया डेब्यू
किस्मत का खेल देखिए घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा कर रहे मार्क वॉ को 1991 एशेज सीरीज के दौरान मौका मिला। उन्हें अंतिम एकादश में अपने भाई स्टीव वॉ की जगह ही शामिल किया गया था। वॉ को खराब प्रदर्शन के कारण टीम से बाहर जाना पड़ा था। मार्क वॉ ने इसका पूरा फायदा उठाया और डेब्यू टेस्ट में ही शतक जड़ दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज दौरे के लिए चुनी गई टीम में स्टीव की वापसी हुई और दोनों भाई कैरेबियाई दौरे पर टेस्ट सीरीज के दौरान पहली बार एक साथ खेले। बता दें कि इसके साथ ही एक साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले ये दोनों पहले जुड़वा भाई बने।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों ने जमाई धाक
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों भाइयों ने धाक जमाई। स्टीव वॉ बेहतरीन बल्लेबाज और उपयोगी गेंदबाज थे तो वहीं मार्क वॉ को समकालीन क्रिकेटरों में बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार किया जाता था। इसके अलावा स्टीव वॉ को विश्व का बेहतरीन कप्तान भी माना जाता है। इन दोनों ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 35,025 रन बनाए। इन दोनों ने एक साथ कुल 108 टेस्ट मैचों में साथ खेले। यह भी एक विश्व रिकॉर्ड है। कोई भी क्रिकेटर भाइयों की जोड़ी आज तक एक साथ इतने सारे टेस्ट मैच नहीं खेल पाई है।
ऐसा रहा दोनों का करियर
स्टीव वॉ ने 168 टेस्ट मैचों में 51.06 की औसत और 32 शतक की मदद से कुल 10927 रन बनाए और 92 विकेट भी लिए। वहीं 325 वनडे इंटरनेशनल में 32.90 की औसत और तीन शतक की मदद से कुल 7569 रन बटोरे और 195 विकेट बटोरे। इसके अलावा स्टीव वॉ ने 57 टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की। इनमें से 41 में जीत हासिल की, जबकि नौ में हार का सामना करना पड़ा और सात ड्रॉ मैच रहे। वहीं एकदिवसीय क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 106 मैचों में टीम की कप्तानी की। इसमें 67 में जीत मिली, 35 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि चार मैच बेनतीजा रहे। इसके अलावा 1999 में अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को दूसरी बार विश्व कप दिलाया।