
शेफाली वर्मा, महिला क्रिकेटर, भारत (Photo - IANS)
India Women vs Thailand Women: विमेंस एशिया कप 2026 में भारत ने अभियान का आगाज रविवार 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से किया है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत में ही इतिहास रच दिया है। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 65 रन बनाए। ऐसा करते ही वह विमेंस टी20 एशिया कप के शुरुआती 6 ओवरों में 60 रनों के आंकड़े तक पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड के सामने 160 रन का लक्ष्य रखा है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम को पहला झटका तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर 38 के स्कोर पर लगा, जब स्मृति मंधाना 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद शेफाली वर्मा ने प्रतीका रावल के साथ जबरदस्त बल्लेबाजी की और भारतीय टीम शुरुआती 6 ओवरों में एक विकेट नुकसान पर 65 रन पर पहुंच गई। इसी के साथ भारत ने अपने पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। जब भारत ने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ विमेंस एशिया कप के मैच में पावरप्ले के दौरान बगैर कोई विकेट 59 रन बनाए थे।
पावरप्ले तीसरा सबसे ज्यादा रन बनाने वाला देश श्रीलंका है। श्रीलंकाई महिला टीम ने 2026 में यूएई के खिलाफ शुरुआती 6 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए थे। भारत इस लिस्ट में चौथे और पांचवें पायदान पर भी है। टीम इंडिया ने साल 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ 6 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 57 रन बनाए थे। 2024 में ही भारतीय महिला टीम ने यूएई के विरुद्ध पावरप्ले के खेल तक 3 विकेट खोकर 56 रन बनाए थे।
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने थाईलैंड के खिलाफ निर्धारित 20 ओवर में 159 रन बनाए हैं। भारत की ओर से जहां शेफाली वर्मा ने सिर्फ 36 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली है, तो प्रतीका रावल ने 18 गेंदों पर 22 रन बनाए हैं। इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 20 के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। वहीं, थाईलैंड की ओर से सुलेपोर्न लाओमी ने तीन विकेट तो सुनीदा चतुरोंग्रट्टाना ने दो विकेट अपने नाम दर्ज किए हैं।
Updated on:
30 Aug 2026 09:36 pm
Published on:
30 Aug 2026 09:36 pm
