क्रिकेट

U19 WC: बांग्लादेश पर विराट विजय के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, अब पाक से होगी भिड़ंत

अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में भारत ने बांग्लादेश को 131 रनों की करारी मात दी। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Jan 2018, 11:10 AM IST
india under 19

नई दिल्ली। आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2018 के आखिरी क्वॉर्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 131 रनों की करारी मात देते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। सेमीफाइनल के हुए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 42.1 ओवर में 134 रन ऑल आउट हो गई। बांग्लादेश को मात देते हुए भारत ने टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि भारत ने चारों जीत बड़े अंतर से हासिल की है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।

टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय कप्तान पृथ्वी शॉ ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। भारत की ओर से शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 86 रनों की पारी खेली। जबकि अभिषेक शर्मा ने 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से काजी ऑनिक ने तीन और नईम हसन ने दो विकेट लिए।

शुरुआत अच्छी नहीं रही भारतीय टीम की
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान पृथ्वी शॉ और मनजोत कालरा ने पारी की शुरुआत की। बांग्लादेशी गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। भारत को पहला झटका मनजोत कालरा के रूप में लगा। मनजोत को रोबिल हक ने आउट किए। भारत का पहला विकेट 3.3 ओवर में 16 रन पर गिरा। टूर्नामेंट में यह पहला मौका था जब भारत ने पावरप्ले में अपना पहला विकेट खोया था।

पृथ्वी और शुभमन ने पारी को संभाला
मनजोत के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे शुभमन गिल ने कप्तान पृथ्वी शॉ के साथ मिल कर पारी को आगे बढ़ाया। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की। बांग्लादेश को दूसरी सफलता 14 ओवर में मिली। भारतीय कप्तान पृथ्वी काजी ऑनिक की गेंद पर बोल्ड हो गए। शॉ ने 54 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 40 रन बनाए।

शुभमन गिल और अभिषेक ने लगाया अर्धशतक
कप्तान के आउट होने के बाद भारत के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर आउट होते रहे। हालांकि इस बीच एक छोड़ से शुभमन ने रनों की रफ्तार को बनाए रखा। शुभमन आउट (86) होने से पहले अपना अर्धशतक पूरा किया। पारी के आखिरी ओवरों में अभिषेक ने तेज बल्लेबाजी करते हुए भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अभिषेक (50) ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया।

कमलेश और मावी का घातक गेंदबाजी
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 42.1 ओवर 134 रन आउट हो गई। भारत की ओर से कमलेश नागरकोटि और शुभम मावी ने अच्छी गेंदबाजी की। कमलेश ने तीन बल्लेबाजों को जबकि शुभम और अभिषेक ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। सुधाकर को एक सफलता मिली।

Published on: