
आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने सबसे पहले आस्ट्रेलिया को हराया। उसके बाद पापुआ न्यू गिनी और जिम्बॉब्वे को मात दिया। टूर्नामेंट में भारतीय अंडर 19 टीम के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को जमकर सराहा जा रहा है। इन युवा खिलाड़ियों पर आईपीएल के 11वें संस्करण में ऊंची बोली लगने की पूरी संभावना हैं। अगली स्टाइड में देखें टीम के उन पांचों स्टारों को...

अनुकूल रॉय - बिहार के छोटे से जिले समस्तीपुर से ताल्लुक रखने वाले अनुकूल रॉय इस टूर्नामेंट से एक स्टार के रूप में उभरे हैं। विश्व कप में खेले गए तीन मैचों में अनुकूल ने 10 बल्लेबाजों को आउट करने में कामयाबी हासिल की है। जिसमें पापुआ न्यू गिनी के ख़िलाफ़ 5 और ज़िंबाब्वे के ख़िलाफ़ 4 विकेट लेकर उन्होंने सबको प्रभावित किया है। एक तेज गेंदबाज के रूप में आईपीएल की टीमें अनुकूल को जरूर शामिल करना चाहेगी।

कमलेश नागरकोटि - नागरकोटि ने अंडर-19 टूर्नामेंट में 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंद फेंक कर भारतीय खिलाड़ियों के लिए इतिहास कायम कर दिया है। इसके साथ ही वो जावागल श्रीनाथ, ईशांत शर्मा, उमेश यादव और वरुण एरॉन की 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार वाली एलीट लीग में शामिल हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मैच में पूर्व कप्तान स्टीव वॉ के बेटे ऑस्टिन वॉ को उन्होंने घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। गेंदबाज़ी के अलावा नागरकोटी अच्छी बल्लेबाज़ी और अच्छी फ़ील्डिंग भी करते हैं।

पृथ्वी शॉ - घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पृथ्वी को भविष्य का सचिन कहा जा रहा हैं। वे अंडर 19 टीम के कप्तान की भूमिका भी निभा रहे हैं। पृथ्वी ने अपने पहले ही रणजी मैच में शतक बनाया था। इनके नाम पर 9 फ़र्स्ट क्लास मैचों में 5 शतक और 3 अर्द्धशतक हैं। वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में पृथ्वी ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 94 रन की पारी खेली।

शिवम मावी - नोएडा के शिवम मावी अपने रफ़्तार के कारण चर्चा में हैं। इन्होेंने आस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ क़रीब 146 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंद फेंका था। मावी आगे चलकर अपने आदर्श डेल स्टेन की तरह बनना चाहते हैं। वर्ल्ड कप के 3 मैचों में मावी की झोली में 6 विकेट है।

शुभम गिल -अंडर 19 के ब्रैडमैन कहे जाने वाले शुभम ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाज़ी से खूब लोकप्रियता पाई हैं। शुभम ने ज़िंब्बावे के ख़िलाफ़ 59 गेंद पर 90 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इनकी तुलना कप्तान कोहली से की जाने लगी है। 18 साल के शुभम ने अपनी पारी के दौरान 'शॉर्ट आर्म जैब' शॉट खेलकर विराट कोहली की याद दिला दी थी।