
ICC Annual Meeting: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की सालाना बैठक समाप्त हो गई है और इसपर कोई बड़ा फैसला नहीं लिया गया। अमेरिका क्रिकेट (USAC) और क्रिकेट कनाडा (CC) जिन्हें हालही में निलंबित कर दिया गया था। उनका निलंबन जारी रखने का फैसला किया है। वहीं फ्रांस क्रिकेट को नोटिस दिया गया है। इसके अलावा आईसीसी ने मॉरिशस की टीम को सदस्यता दे दी है। अब मॉरिशस क्रिकेट फेडरेशन को एसोसिएट देशों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया है। इसके साथ आईसीसी के कुल सदस्यों की संख्या 111 हो गई है, जिसमें 12 फुल मेंबर और 99 एसोसिएट मेंबर शामिल हैं।
सम्मेलन में अमेरिका और कनाडा की एसोसिएशन से जुड़े हालात पर भी लंबी चर्चा की, लेकिन आखिर में वर्ल्ड बॉडी के एडमिनिस्ट्रेटर्स ने मौजूदा स्थिति को बनाए रखने का फैसला किया। अमेरिका की सदस्यता बहाल करने की अहमियत को समझा गया, खासकर लॉस एंजिल्स 28 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए इसपर ज़ोर दिया गया, लेकिन इस पर फैसला टाल दिया गया है। अमेरिका की सदस्यता सितंबर 2025 से निलंबित है।
वहीं क्रिकेट कनाडा जून में सस्पेंड हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें कुछ आंतरिक मुद्दे सुलझाने होंगे। साथ ही ये भी चर्चा है कि यूएसए की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में कनाडा की एक टीम शामिल हो सकती है। आईसीसी शायद इसका इंतजार कर रहा है।
ऐसा माना जा रहा तह कि आईसीसी टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का दायरा बढ़ाएगा और 2027 से 2029 के सीजन के लिए डब्लूटीसी में 12 टीमों को शामिल किया जा सकता है। लेकिन इस मीटिंग में इसको लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। जिसके बाद अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और आयरलैंड के हाथों निराशा लगी है। वनडे मैचों को 40 ओवर करने की खबर भी फिलहाल सिर्फ अफवाह साबित हुई।
आईसीसी ने अगले चक्र की रणनीति पर प्रेजेंटेशन दिया। गेम को री-स्ट्रक्चर करने के कुछ प्रस्ताव भी रखे गए। आईसीसी के मीडिया पार्टनर जियोस्टार ने भी सदस्यों को प्रेजेंटेशन दिया, लेकिन इसके डिटेल्स अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। ये सालाना कॉन्फ्रेंस 8 जुलाई से शुरू हुई थी और 11 जुलाई को समाप्त हुई।