
Vaibhav Sooryavanshi, Gary Sobers: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा कॉम्पलिमेंट मिला है। दिग्गज सचिन तेंदुलकर से उनकी तुलना तो अब पुरानी बात हो गई है, लेकिन अब इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क बुचर ने वैभव की तुलना महान सर गैरी सोबर्स से कर दी है। बुचर का मानना है कि वैभव की बल्लेबाजी का हर अंदाज सोबर्स की याद दिलाता है। सूर्यवंशी इस समय सिक्सर मशीन बने हुए हैं। आईपीएल के सबसे युवा शतकवीर बनने से लेकर इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने तक, और फिर अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने तक, वैभव के लिए यह साल शानदार रहा है।
मीडिया से बातचीत में मार्क बुचर ने कहा, 'वैभव को बल्लेबाजी करते देख पहली चीज जो मेरे दिमाग में आई, वो थी गैरी सोबर्स। उनके बैट स्विंग की आक्रामकता, टाइमिंग और गेंद का बल्ले से संपर्क बिल्कुल वैसा ही है। उनके हाथों की रफ्तार और पैरों का इस्तेमाल गजब का है। जिस तरह से शॉट मारने के बाद उनका बल्ला पूरी तरह घूमकर उनकी पीठ पर लगता है, वह शुद्ध सोबर्स स्टाइल है।'
गैरी सोबर्स को दुनिया का सबसे महान ऑलराउंडर माना जाता है, जिन्होंने 1968 में एक ओवर में 6 छक्के जड़ने का कारनामा किया था। हालांकि 14 साल के वैभव की तुलना सोबर्स से करना सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन बुचर ने इसके पीछे सबूत भी दिया। बुचर ने कहा, 'मैं उन लोगों से गुजारिश करूंगा जिन्होंने सोबर्स को खेलते नहीं देखा, वे मैल्कम नैश के खिलाफ उनके 6 छक्कों का वीडियो जरूर देखें। मैं खुदा की कसम खाकर कहता हूं, वैभव बिल्कुल वैसे ही दिखते हैं। शॉट के दौरान पैरों का इस्तेमाल और शरीर का बैलेंस हुबहू सोबर्स जैसा है।'
वैभव की यह तुलना सर डॉन ब्रैडमैन के उस बयान की याद दिलाती है जो उन्होंने सचिन तेंदुलकर के लिए दिया था। ब्रैडमैन ने तब कहा था, 'मैंने कभी खुद को खेलते नहीं देखा, लेकिन इस लड़के (सचिन) को देख कर लगता है कि यह बिल्कुल मेरी तरह खेलता है।'