क्रिकेट

वैभव के बाद एक और सूर्यवंशी चमका, 19 चौके-6 छक्कों के दम पर आशीर्वाद का तूफानी शतक

Vaibhav Sooryavanshi brother Ashirvad Sooryavanshi: भारतीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के 10 साल के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने ऋषभ XI की तरफ से खेलते हुए प्रैक्टिस (अभ्यास) मैच में 119 गेंदों पर 168 रनों की तूफानी पारी खेली। स्थानीय क्रिकेट ग्राउंड (क्रिकेट एकेडमी ताजपुर परिसर) पर हुए इस मैच में उन्होंने शानदार चौके-छक्के लगाए।
2 min read
Jun 25, 2026
Vaibhav Sooryavanshi brother, Ashirvad Sooryavanshi century, Cricket Academy Tajpur, Rishav XI practice match
वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर छोटे भाई आशीर्वाद को बधाई दी (Photo - X)

Vaibhav Sooryavanshi brother Ashirvad Sooryavanshi: क्रिकेट जगत में सूर्यवंशी परिवार का जलवा लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय टीम में 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने एक बार फिर बल्ले से तहलका मचा दिया है। सिर्फ 10 साल के आशीर्वाद ने एक प्रैक्टिस (अभ्यास) मैच में ऋषभ XI की तरफ से खेलते हुए महज 119 गेंदों में 168 रनों की बेहद आक्रामक पारी खेली।

112 रन तो सिर्फ बाउंड्री से ही बनाए

इस शानदार पारी के दौरान आशीर्वाद सूर्यवंशी ने 141.18 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिसमें 19 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। मैदान के चारों तरफ शॉट लगाकर उन्होंने लोकल क्रिकेट के जानकारों को हैरान कर दिया। आशीर्वाद की इस पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी कुल पारी के आधे से ज्यादा रन सिर्फ बाउंड्री से बटोरे। उन्होंने 19 चौके और 6 छक्के लगाकर केवल चौके-छक्कों की मदद से ही ताबड़तोड़ 112 रन बना डाले। बाकी के 56 रन उन्होंने सिंगल-डबल लेकर पूरे किए, जो उनकी क्रिकेट तकनीक को दिखाता है।

सिर्फ 6 महीने पहले शुरू की थी ट्रेनिंग

आशीर्वाद की यह कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने महज 6 महीने पहले ही क्रिकेट खेलना शुरू किया है। इतने कम समय की ट्रेनिंग के बाद भी उनके खेल में गजब का आत्मविश्वास दिखता है। इससे पहले उन्होंने क्रिकेट एकेडमी ताजपुर के मैदान पर अपने डेब्यू मैच में भी 87 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 20 चौके शामिल थे।

वैभव ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

आशीर्वाद की इस कामयाबी पर उनके बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी ने भी खुशी जताई। वैभव इस समय भारतीय टीम के साथ आयरलैंड दौरे पर हैं, जहां टी20 सीरीज खेली जाएगी। उन्होंने वहीं से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर छोटे भाई की इस उपलब्धि की तारीफ की।

दोनों भाइयों का अंदाज है अलग

भले ही दोनों भाइयों की तुलना हो रही है, लेकिन दोनों का खेलने का तरीका बिल्कुल अलग है। बड़े भाई वैभव जहां बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिनर हैं, वहीं छोटे भाई आशीर्वाद दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और दाएं हाथ से ही मीडियम पेस गेंदबाजी करते हैं। आशीर्वाद खुद को एक ऑलराउंडर के रूप में तैयार कर रहे हैं और बहुत कम उम्र में अपनी पहचान बना रहे हैं।

Also Read
View All