
Vaibhav Sooryavanshi, Zimbabwe vs India, 3rd T20: 15 साल के भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला एक बार फिर जमकर बोला है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे तीसर टी20 मुक़ाबले में उन्होंने मात्र 31 गेंद पर अर्धशतक ठोका है। यह उनका दूसरा अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक है। इससे पहले इसी सीरीज के पहले मुक़ाबले में उन्होंने 50 रनों की पारी खेली थी।
वैभव ने इस मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंद पर आठ चौके और चार छक्के की मदद से 81 रनों की पारी खेली। वेस्ली मधेवेयरे ने उन्हें ब्रैड इवांस के हाथों कैच आउट कराया। वैभव ने लॉन्ग ऑफ पर लंबा शॉट खेलने की कोशिश की। लेकिन टाइमिंग सही नहीं थी और इवांस ने आगे डाइव लगाते हुए बेहतरीन कैच लपक लिया। यह उनकी अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले उन्होंने इसी सीरीज के पहले मैच में 19 गेंदों पर चार चौके और चार छक्के की मदद से 50 रन बनाए थे।
आखिरी टी20 में अर्धशतक जड़ने के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। वह मेंस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16 साल से पहले सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने नेपाल के कुशल मल्ला को पीछे छोड़ दिया। मल्ला ने यह उपलब्धि सिर्फ एक बार हासिल की थी। अगर वैभव इस मैच में शतक बना लेते तो उनके नाम सबसे कम उम्र में टी20 इंटरनेशनल शतक ठोकने का रिकॉर्ड हो जाता। वैभव अभी सिर्फ 15 साल और 121 दिन के हैं। हालांकि वे ऐसा करने से चूक गए।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए हैं। वैभव के अलावा विकेट कीपर ईशान किशन ने 26 गेंद पर 29 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंद पर 27 रन का योगदान दिया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और चार गेंदों पर 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके अलावा रिंकू सिंह ने 25 रनों की पारी खेली और तिलक वर्मा 11 रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने दो विकेट झटके, वहीं वेस्ली मधेवेयरे, ब्लेसिंग मुजरबानी और कप्तान सिकंदर रजा को एक - एक सफलता मिली।