
Vaibhav Suryavanshi in Tri Nation A Series 2026: ट्राई नेशन ए सीरीज के पांचवें मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। अफगानिस्तान ए के खिलाफ दांबुला के रनगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में वह 38 रन बनाकर आउट हो गए। इस मुकाबले में उन्हें 4 जीवनदान मिले, लेकिन सूर्यवंशी उनका फायदा नहीं उठा सके। इस दौरान उन्होंने फिर वही गलती की और शॉर्ट पिच गेंद पर आउट हुए।
सीरीज के पिछले तीन मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। श्रीलंका ए के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 14 रन बनाए थे, जबकि अफगानिस्तान ए के खिलाफ दूसरे मुकाबले में 44 रनों की पारी खेली थी, लेकिन अर्धशतक से चूक गए थे। इसके बाद श्रीलंका ए के खिलाफ तीसरे मुकाबले में वह सिर्फ 21 रन ही बना पाए। आज अफगानिस्तान ए के खिलाफ उन्होंने 28 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए।
भारतीय टीम एक बार फिर टॉस हार गई, जिसकी वजह से उसे पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी। अफगानिस्तान ए के कप्तान इमरान मीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर जीवनदान मिल गया, जब शम्स उर रहमान की गेंद पर फरीदून ने शानदार कैच लपका, लेकिन थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज के पक्ष में फैसला दिया। उनका मानना था कि गेंद का कुछ हिस्सा जमीन से टकरा गया था।
इसके बाद तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर एक बार फिर सूर्यवंशी का कैच छूटा। पुल शॉट खेलने की कोशिश में गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर स्क्वायर लेग की दिशा में गई, जहां फील्डर ने आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यवंशी ने एक और हवाई शॉट खेला, लेकिन गेंद नो-मैन्स लैंड में गिर गई। लगातार जीवनदान मिलने के बावजूद वह जोखिम भरे शॉट खेलते रहे।
आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने फिर गेंद को हवा में खेला, जहां डीप पॉइंट पर खड़े फील्डर के हाथों से गेंद छिटक गई। हालांकि आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर आखिरकार उनका कैच पकड़ लिया गया। खलील तानिवाल ने शानदार कैच लपकते हुए उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। कई मौके गंवाने के बाद आखिरकार अफगानिस्तान के 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर अफगानिस्तानी फील्डर ने उनका कैच पकड़ लिया और सूर्यवंशी की पारी का अंत कर दिया।
| तारीख | मुकाबला | रन |
|---|---|---|
| 09 जून | श्रीलंका ए | 14 |
| 11 जून | अफगानिस्तान ए | 44 |
| 15 जून | श्रीलंका ए | 21 ( सुपर ओवर में 6 रन) |
| 17 जून | अफगानिस्तान ए | 38 |
| कुल | 4 मैच | 117 रन |