
Bihar Batsmen Ayan Raj: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अभी इंटरनेशनल पिच पर कदम भी नहीं रखा है, लेकिन उससे पहले उनके जैसी बल्लेबाजी करने वाला एक और युवा बल्लेबाज छा गया है। सूर्यवंशी के दोस्त अयान राज ने जिला अंडर-16 क्रिकेट लीग के पहले ही मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी कर इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है। सबसे खास बात यह है कि वह सूर्यवंशी से एक साल छोटे हैं और बल्लेबाजी भी उन्हीं की तरह आक्रामक अंदाज में कर रहे हैं।
हर गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने के इरादे से उतरे अयान ने 35 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 210 रन की शानदार पारी खेल डाली। इस पारी के बाद क्रिकेट जगत में उनकी खूब चर्चा हो रही है। अयान ने सिर्फ 83 गेंदों का सामना करते हुए यह कमाल की पारी खेली।
अयान के दोहरे शतक की मदद से संस्कृति क्लब ने 30 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 464 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इस रिकॉर्ड में सबसे बड़ा हाथ अयान राज का रहा, जिनकी तुलना अब वैभव सूर्यवंशी से होने लगी है और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की जा रही है।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब अयान अपनी बल्लेबाजी की वजह से सुर्खियों में आए हों। इससे पहले भी वह जिला क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके हैं। साल 2025 में उन्होंने एक मुकाबले में 327 रन की नाबाद पारी खेली थी और इसी तिहरे शतक ने पहली बार क्रिकेट जगत का ध्यान उनकी ओर खींचा था। अयान बिहार के उभरते हुए क्रिकेटर्स में से एक हैं और अगर उनका यही फॉर्म जारी रहा, तो वह भी जल्द आईपीएल खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
फिलहाल अयान के दोस्त वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से आईपीएल 2026 में दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है, जिसके दम पर उन्हें भारत की टी20 टीम में जगह मिल गई है। वह अब आयरलैंड दौरे पर डेब्यू कर सकते हैं। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर 5 टी20 मैचों की सीरीज में भी उनकी बल्लेबाजी देखने को मिल सकती है। सूर्यवंशी को एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल डिफेंड करने के लिए टीम इंडिया की टी20 टीम में भी चुना गया है।
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल की उम्र में जिस तरह की बल्लेबाजी की है, उससे उन्होंने कई बच्चों को प्रेरित किया होगा। आने वाले समय में अगर उनके जैसे और बल्लेबाज देश के कोने-कोने से निकलकर सामने आते हैं, तो यह कोई हैरान करने वाली बात नहीं होगी।