
Vaibhav Suryavanshi Next Match: इस सीरीज में भारतीय टीम की अब अगली टक्कर श्रीलंका ए से होगी। यह मुकाबला 15 जून को दांबुला के रनगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में एक बार फिर सबकी नजरें वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) पर रहेंगी, जो इस सीरीज में दो मैच खेलने के बावजूद एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं। यह मैच भारत में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव देख सकते हैं।
आईपीएल 2026 में 72 छक्के लगाकर क्रिस गेल (Chris Gayle) के रिकॉर्ड को ध्वस्त करने वाले सूर्यवंशी ने इंडिया ए की जर्सी में अपना अलग गेम दिखाया है और इसकी क्रिकेट जगत में काफी तारीफ भी हो रही है। अब देखना यह होगा कि सीरीज के बचे हुए 2 मैचों में अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए के खिलाफ उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने श्रीलंका ए को हराकर इस सीरीज की पहली जीत हासिल की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्हें अफगानिस्तान ए के खिलाफ डकवर्थ-लुईस नियम से चार रन से हार का सामना करना पड़ा था। पॉइंट्स टेबल में अफगानिस्तान ए की टीम पहले स्थान पर है, तो वहीं इंडिया ए के पास भी दो अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। श्रीलंका A पहला मुकाबला हारने की वजह से तीसरे और आखिरी स्थान पर है।
इंडिया ए को सीरीज में अभी दो मैच और खेलने हैं, जहां उनका तीसरा मुकाबला श्रीलंका ए से 15 जून को और ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान ए से खेलना है। इन दोनों मुकाबलों में जीत हासिल कर टीम इंडिया फाइनल में पहुंच सकती है।
इस दौरान सूर्यवंशी पर सबकी नजर रहने वाली है, क्योंकि अब तक उन्होंने दो मैचों में 58 रन बनाए हैं, जिसमें 12 चौके लगाए हैं लेकिन एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं। ऐसे में देखना यह होगा कि श्रीलंका ए के खिलाफ 15 जून को खेले जाने वाले मुकाबले में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। इसके अलावा ऋतुराज गायकवाड़, प्रभसिमरन और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी पर भी नजर रहेंगी। दूसरी ओर, अभी तक गेंदबाजों ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है।
आईपीएल में शानदार गेंदबाजी करने वाले अंशुल कंबोज (Anshul Kamboj) ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ चार ओवर में 29 रन दिए थे, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए थे। श्रीलंका के खिलाफ भी वह महंगे साबित हुए थे। यश ठाकुर को अब तक मौका नहीं मिला है। यह मुकाबला डंबुला के रंगिरी डंबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसे Sony Sports Network और SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देखा जा सकता है।
वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अंशुल कंबोज, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह चरक, कुमार कुशाग्र और निशांत सिंधु।