
Rohit Sharma-Virat Kohli Next Match: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में पहले दिन धमाकेदार प्रदर्शन के बाद अब सभी फैंस की निगाहें दूसरे चरण के मुकाबलों पर टिकी हैं। पहले चरण में जहां रोहित शर्मा, विराट कोहली, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और देवदत्त पडिक्कल जैसे स्टार खिलाड़ियों ने शतक जड़े, वहीं बिहार ने लिस्ट ए इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इसके अलावा झारखंड के खिलाफ कर्नाटक ने वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी रन चेज हासिल की।
अब सभी फैंस की नजरें अगले चरण पर हैं, जो 26 दिसंबर को आयोजित होगा। दूसरे चरण में सबसे पहला मुकाबला गोवा और हिमाचल प्रदेश के बीच खेला जाएगा। दूसरी ओर मुंबई की टीम एक बार फिर सवाई मानसिंह स्टेडियम में उतरेगी और इस बार उसके सामने उत्तराखंड की टीम होगी, जिसे हिमाचल प्रदेश ने पहले चरण में हराया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ का सामना पंजाब से होगा। हरियाणा की टीम सौराष्ट्र से भिड़ेगी। आंध्र प्रदेश का सामना रेलवे से होगा, जबकि ओडिशा की टीम सर्विसेज से खेलेगी। विराट कोहली की अगुवाई वाली दिल्ली टीम का सामना गुजरात से होगा और यह मुकाबला भी बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।
महाराष्ट्र और सिक्किम के बीच मुकाबला जयपुर के केएल सैनी ग्राउंड में होगा। इसके अलावा चंडीगढ़ बनाम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश बनाम तमिलनाडु, झारखंड बनाम राजस्थान, पुडुचेरी बनाम त्रिपुरा और कर्नाटक बनाम केरल के मुकाबले भी 26 दिसंबर को खेले जाएंगे। असम का सामना जम्मू-कश्मीर से होगा, बड़ौदा की टीम बंगाल से भिड़ेगी और हैदराबाद की टीम विदर्भ को चुनौती देगी। प्लेट ग्रुप में बिहार का सामना मणिपुर से होगा और यह मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में खेला जाएगा। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की टीम मिजोरम से खेलेगी और मेघालय का सामना नागालैंड से होगा।
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे चरण में भी केवल दो मुकाबलों का ही लाइव प्रसारण किया जाएगा। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि कौन-से मैच टीवी पर देखे जा सकेंगे। लेकिन इतना तय है कि विराट कोहली एक बार फिर बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उतरेंगे, जबकि रोहित शर्मा सवाई मानसिंह स्टेडियम में चौकों-छक्कों की बरसात करते नजर आएंगे। प्लेट ग्रुप के मुकाबले सुबह 8:45 बजे से शुरू होंगे, जबकि एलीट ग्रुप के मुकाबले सुबह 9:00 बजे खेले जाएंगे।