Virat Kohli Hundred in IPL: रायपुर के शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल स्टेडियम में विराट कोहली ने 60 गेंदों में 105 रन की नाबाद पारी खेली और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
Virat Kohli IPL Records: आईपीएल 2026 का 57वां मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, जहां आरसीबी ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस मुकाबले में विराट कोहली ने आईपीएल का नौवां शतक जड़ा और कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 192 रन बनाए। विराट कोहली की शानदार शतकीय पारी की बदौलत आरसीबी ने 19.1 ओवर में ही 194 रन बना लिए। इस जीत के साथ आरसीबी पहले स्थान पर पहुंच गई है और उसका प्लेऑफ के लिए क्वालिफिकेशन लगभग कन्फर्म हो गया है।
इस मुकाबले में विराट कोहली ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे। इस दौरान विराट कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। वह आईपीएल में 9 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज तो बन ही गए, साथ ही सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में रोहित शर्मा के साथ नंबर वन पर काबिज हो गए। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने आईपीएल के इतिहास में 21-21 बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं। इसके अलावा एमएस धोनी 18 बार, जबकि रविंद्र जडेजा और केएल राहुल 17-17 बार यह कारनामा कर चुके हैं।
विराट कोहली अलग-अलग टीमों के खिलाफ 2-2 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले जोस बटलर ने केकेआर और आरसीबी के खिलाफ 2-2 शतक लगाए थे। विराट कोहली ने गुजरात लायंस और केकेआर के खिलाफ 2-2 शतक लगाकर इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। विराट कोहली किसी भी विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने सीएसके के खिलाफ 1174, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1172, पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 और केकेआर के खिलाफ 1126 रन बनाए हैं। इस तरह वह 4 टीमों के खिलाफ 1100 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
आईपीएल में चेज करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली जोस बटलर के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। दोनों आईपीएल के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए 3-3 शतक लगा चुके हैं। बेन स्टोक्स ने दो शतक लगाए हैं। टी20 क्रिकेट में यह विराट कोहली का 10वां शतक है। इससे पहले उन्होंने एक शतक इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में लगाया था।