क्रिकेट

‘अब इंडिया के लिए थोड़ी खेलना है… अब हर शॉट लगेगा’, विराट कोहली का Video वायरल, जानें दिग्गज खिलाड़ी ने ऐसा क्यों कहा

कोहली ने मनीष पांडे से कहा, “मैं मारूंगा ये… अब इंडिया के लिए तो खेलना नहीं है, अब तो हर शॉट लगेगा!” दरअसल कोहली यहां स्कूप शॉट खेलने की बात कर रहे थे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
2 min read
May 14, 2026
Virat Kohli Hundred vs KKR in IPL 2026
विराट कोहली ने आईपीएल में जड़ा 9वां शतक (फोटो- IANS)

Virat Kohli on stump mic: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 57वें मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के नायक रहे पूर्व कप्तान विराट कोहली, जिन्होंने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में कोहली ने 11 चौके और 3 छक्के लगाए।

कोहली ने आसानी से चेज़ किया स्कोर

दो लगातार डक के बाद वापसी करते हुए विराट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों में उन पर भरोसा क्यों किया जाता है। पिच पर उतरते ही उनका इरादा साफ था। पहला रन लेते ही उन्होंने जश्न मनाया और एक बार सेट होने के बाद पूरी तरह सहज नजर आए। चेज के दौरान वे बिल्कुल रिलैक्स दिखे, चेहरे पर मुस्कान थी और बीच-बीच में मजे भी ले रहे थे।

कोहली इस दौरान केकेआर के अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे को एक मजेदार कमेंट भी पास कर गए, जो स्टंप माइक में कैद हो गया। हंसते हुए उन्होंने मनीष से कहा, “मैं मारूंगा ये… अब इंडिया के लिए तो खेलना नहीं है, अब तो हर शॉट लगेगा!” दरअसल कोहली यहां स्कूप शॉट खेलने की बात कर रहे थे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कोहली ने शतक के साथ बनाए ढेरों रिकॉर्ड

केकेआर ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को 193 रनों का लक्ष्य दिया। बेंगलुरु ने छह गेंद शेष रहते चार विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया। यह विराट कोहली का आईपीएल करियर का 9वां शतक है और 2023 के बाद उनका पहला शतक। इस पारी के दौरान उन्होंने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। यह उनका 279वां आईपीएल मैच था। इसके अलावा विराट टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए।

कोहली सबसे कम पारियों में 14 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने यह मुकाम 409वीं पारी में हासिल किया। विराट ने इस मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ा। गेल ने यह उपलब्धि 423वीं पारी में हासिल की थी। कोहली को उनकी शानदार पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। विराट आईपीएल में सर्वाधिक बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ गए हैं। कोहली ने 21वीं बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड को अपने नाम किया। विराट के साथ-साथ रोहित शर्मा ने भी 21 बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' जीता है।

आईपीएल में रनों का पीछा करते हुए विराट कोहली संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। चेज करते हुए विराट ने यह तीसरा शतक लगाया। कोहली के अलावा यह कारनामा सिर्फ जोस बटलर ही कर सके हैं। विराट टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। कोहली के बल्ले से टी20 क्रिकेट में यह 10वां शतक निकला। विराट आईपीएल में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

Published on:
14 May 2026 06:41 pm