Virat Kohli wins 2nd IPL Title: विराट कोहली की नाबाद 75 रनों की पारी के दम पर आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीत लिया। फाइनल में कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
Virat Kohli Records in IPL 2026: रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उसने 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। फाइनल मैच में आरसीबी की जीत के हीरो विराट कोहली रहे। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की दमदार पारी खेली और टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया। इस दौरान कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मुकाबले में लगाया। कोहली ने अपना अर्धशतक सिर्फ 25 गेंदों में पूरा किया। यह आईपीएल के फाइनल मुकाबले में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। कोहली ने 75 रनों की नाबाद पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। विराट का प्रदर्शन पूरे सीजन शानदार रहा और वह आरसीबी की ओर से आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
कोहली ने इस सीजन 16 मुकाबलों में 165 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 675 रन बनाए। वह लगातार चार सीजन में 600 से अधिक रन बनाने वाले आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बने। विराट को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ भी चुना गया। विराट आईपीएल फाइनल में मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बने। उन्होंने यह अवॉर्ड 37 साल 207 दिन की उम्र में जीता।
विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के खिलाफ कुल 82 रन बनाए, जो आईपीएल के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा किसी एक गेंदबाज के खिलाफ बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। विराट ने फाइनल मुकाबले में वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रन जोड़े। कोहली की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी ने अपने 50 रन सिर्फ 3.3 ओवर में पूरे किए, जो आईपीएल फाइनल का अब तक का सबसे तेज टीम अर्धशतक भी है।
फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस से मिले 156 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 18 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर अरशद खान के खिलाफ यादगार छक्का लगाकर आरसीबी को दूसरी बार चैंपियन बनाया। आरसीबी आईपीएल में खिताब का बचाव करने वाली महज तीसरी टीम बनी। आरसीबी से पहले यह मुकाम सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने हासिल किया है।