
MS Dhoni Birthday Virendra Sehwag Wish: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें देश-दुनिया भर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें बेहद खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। सहवाग ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर करते हुए भावुक पोस्ट लिखा।
सहवाग ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "केरल के पलक्कड़ में, जंगल के बहुत अंदर, धोनी नाम का एक झरना है। कोई भी आसानी से वहां नहीं पहुंच सकता। रास्ता मुश्किल है। गाइड चाहिए। तीन घंटे चलो और फिर वह दिखाई देता है। और जब वह दिखाई देता है? ऊपर से जितना शांत हो सकता है। अंदर से आग। ऊपर से चिकना, लेकिन पास जाओ तो पता चलता है कि वह कितना ताकतवर है।"
उन्होंने आगे लिखा, "केरल वन विभाग ने इसके बारे में एक नियम बनाया है, पानी शांत दिखता है। ऐसा नहीं है। मुझे नहीं पता कि यह नियम झरने के लिए था या नंबर 7 के लिए। केरल में यह जगह धोनी, महेंद्र सिंह धोनी के पैदा होने से भी बहुत पहले से है। जैसे कुदरत को पहले से पता था। कोई आएगा। यह बिल्कुल ऐसा ही होगा। वह इसे ठीक ऐसे ही पाएगा, एक मुश्किल रास्ते के बाद, सबसे अनजान जगह पर। एक बार जब आप इसे पा लेते हैं, तो इसे भूलना मुश्किल होता है। जन्मदिन मुबारक एमएस धोनी, हमेशा खुश रहो।"
धोनी और सहवाग एक साथ लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए खेले हैं, और तीनों ही फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए यादगार सफलता हासिल की है। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 का खिताब जीता था। दोनों खिताबों में सलामी बल्लेबाज के तौर पर वीरेंद्र सहवाग की अहम भूमिका रही थी।
भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने 2004 से 2019 के बीच टीम इंडिया के लिए 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 मैच खेले। धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल 538 मैच खेले थे। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे। टेस्ट में उनके नाम 1 दोहरा शतक, 6 शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 350 मैचों में 50.58 की औसत से 10,773 रन बनाए हैं, जिसमें उनके 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल रहे। अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर में उन्होंने 98 मैचों में 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए थे।
वनडे क्रिकेट में धोनी दुनिया के तीसरे सबसे सफल विकेटकीपर भी हैं। उन्होंने टेस्ट 256 कैच लिए और 38 स्टंपिंग की। वनडे में उन्होंने 321 कैच लिए और 123 स्टंपिंग की। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय टी20 में उन्होंने 57 कैच लिए और 34 स्टिंपिंग की।